सोनीपत में ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली दहशत: पुरानी रंजिश में युवक को गोलियों से भूना, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

सोनीपत : सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव में आपसी रंजिश के चलते गैंगवार का मामला सामने आया है। यहां खेत से ट्रैक्टर लेकर गांव लौट रहे अशोक उर्फ भूरा पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन घायल अशोक को पहले सोनीपत के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
खेतों से ट्रैक्टर लेकर लौटते समय बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक अशोक उर्फ भूरा खेतों से ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर आ रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि अशोक उर्फ भूरा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह गांव के ही राजा नामक युवक की हत्या के मामले में दोषी था और करीब दो महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुरानी रंजिश के चलते इस हमले को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।
मामले में जानकारी देते हुए राई थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने अशोक उर्फ भुरा पर गोलियां चलाई है, जिसमें अशोक को 2 गोलियां लगी हैं। अशोक उर्फ भुरा पर गांव के एक युवक की हत्या का आरोप है और वह 20 सितंबर 2025 को जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।




