आसिम मुनीर पर भड़के पाकिस्तानी नेता, बोले- देश का मजाक बना दिया

पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर इन दिनों अपने अमेरिकी दौरे को लेकर चर्चा में हैं. वॉशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के रेयर अर्थ मिनरल्स यानी दुर्लभ खनिजों का तोहफा पेश किया.
लेकिन यह कदम उनके ही देश में भारी आलोचना का कारण बन गया. अवामी नेशनल पार्टी (ANP) के प्रेसीडेंट और सीनेटर ऐमल वली खान ने संसद में तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोकतंत्र के नाम पर मजाक है, आर्मी चीफ दुकानदार की तरह बर्ताव कर रहे हैं.
व्हाइट हाउस की तस्वीर बनी बहस का सबब
दरअसल, अमेरिकी दौरे के दौरान व्हाइट हाउस से जारी तस्वीर में मुनीर को डोनाल्ड ट्रंप को एक लकड़ी का डिब्बा देते देखा गया, जिसमें दुर्लभ खनिज रखे थे. इसी तस्वीर ने पाकिस्तान की सियासत में भूचाल ला दिया है. विपक्ष का आरोप है कि रणनीतिक महत्व की चीज़ों को इस तरह पेश करना पाकिस्तान की संप्रभुता से खिलवाड़ है.
सेल्समैन की तरह घूम रहे हैं आर्मी चीफ
सीनेट में भाषण देते हुए ऐमल वली खान ने कहा, कि हमारे आर्मी चीफ ब्रीफकेस लेकर घूम रहे हैं जिसमें रेयर अर्थ मिनरल्स रखे हैं. यह तो मजाक है. दुनिया भर ने तस्वीर देखी और कहा, कौन सा आर्मी चीफ इस तरह की चीज़ें दिखाता है? मुझे तो यह किसी बड़े ब्रांडेड स्टोर जैसा लगा. जहां मैनेजर (प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ) बस तमाशा देख रहा था और दुकानदार (मुनीर) ग्राहक को सामान बेचने की कोशिश कर रहा था.
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस कानून और किस अधिकार के तहत सेना प्रमुख देश के रणनीतिक संसाधन विदेशी नेताओं के सामने प्रदर्शित कर रहे हैं. उनके मुताबिक यह न सिर्फ तानाशाही है, बल्कि संसद की खुली अवमानना भी है.
ट्रंप की तारीफ, लेकिन पाकिस्तान में बेचैनी
ट्रंप ने इस मीटिंग में फिर से पाकिस्तान-भारत के बीच संघर्ष खत्म कराने का क्रेडिट लिया.ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और फील्ड मार्शल मेरे पास आए और कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बहुत बड़ा युद्ध रोका. ये सुनकर मुझे गर्व हुआ. उन्होंने यह भी जोड़ा कि उस बैठक में उनकी चीफ ऑफ स्टाफ सुजी वाइल्स भी मौजूद थीं और उन्हें भी यह बात बहुत भावुक लगी.




