हरियाणा में सरकारी नौकरी की बहार: HSSC ने बढ़ाए स्टेनो टाइपिस्ट और स्टेनोग्राफर के पद, जानें अब कितनी हुई कुल संख्या

चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने तृतीय श्रेणी पदों की भर्तियों में फेरबदल करते हुए पदों में बढ़ोतरी कर दी है। इन पदों के लिए पहले जहां सोमवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी थी, वहीं अब छह फरवरी से ऑनलाइन आवेदन फार्म भरे जाएंगे।
आयोग ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई भर्तियों में यह बदलाव किया है। अलग-अलग कैटेगरी में पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। संशोधन के बाद ग्रुप-2 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पदों की संख्या 486 से बढ़ाकर 586 की गई है। वहीं ग्रुप-3 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पद 696 से बढ़कर 702 किए गए हैं।
260 हुई पदों की संख्या
ग्रुप-3 में जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों की संख्या 173 से बढ़ाकर 260 कर दी गई है। इसके लावा आयोग ने आवेदन प्रक्रिया की तारीख में भी बदलाव किया है। पहले आवेदन दो फरवरी से शुरू होने थे, मगर अब यह छह फरवरी से शुरू होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वह आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन और सभी दिशा- निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें ताकि किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर दी गई है। इस भर्ती के तहत ग्रुप संख्या-3 के अंतर्गत आने वाले जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इसमें पहले पदों की संख्या 173 थी, जिसे बढ़ाकर 260 कर दिया गया है।




