हरियाणा

भैया दूज के दिन रोडवेज बसों का चक्का जाम, भटकती रही बहनें, यात्रियों को हुई परेशानी

अंबाला बस स्टैंड पर ड्राइ्रवर राजीव की हत्या होने से रोडवेज कर्मचारियों में जबरदस्त रोष है। पूरे प्रदेश में कर्मचारियों ने रोडवेज बसों का चक्का जाम किया हुआ है

न्यूज़ डेस्क हरियाणा । चण्डीगढ़ । राकेश गुप्ता । भैया दूज के दिन बुधवार को प्रदेश में रोडवेज कर्मचारियों का चक्का जाम होने के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोडवेज बसें न चलने के चलते यात्रियों खासकर महिलाओं को अपने भाईयों के घरों तक तक पहुंचने के लिए प्राइवेट बसों व अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

बता दें कि अंबाला बस स्टैंड पर ड्राइ्रवर राजीव की हत्या होने से रोडवेज कर्मचारियों में जबरदस्त रोष है। पूरे प्रदेश में कर्मचारियों ने रोडवेज बसों का चक्का जाम किया हुआ है। कर्मी नेता रविन्द्र नागर के मुताबिक वह इस बात से बेहद हैरान हैं कि वर्किंग पलेस पर भी अगर कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं तो कहां सुरक्षित होंगे। लोगों को हो रही परेशनी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि वह नहीं चाहते थे कि लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़े, लेकिन स्थितियां ऐसी हैं जिसके चलते उन्हें चक्का जाम करना पड़ा।

हालांकि, फरीदाबाद परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा का यह गृह जिला है और उनके द्वारा कर्मचारियों से हड़ताल पर न जाने की अपील का यहां कोई असर देखने को नहीं मिला। फरीदाबाद में बसें न चलने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस यात्रा को लेकर सुबह से लोग बस स्टैंड पर पहुंचना शुरू हो गए थे। बसें न चलने पर बाद में उनको अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

गुरुग्राम हरियाणा रोडवेज के प्रधान संदीप दलाल के मुताबिक कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गई तो यह हड़ताल अनिश्चतकाल के लिए धरने में बदल सकती है। उन्होंने भैया दूज पर महिलाओं व अन्य सभी यात्रियों से होने वाली परेशानी के लिए क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा कि वे रोडवेज कर्मचारी अंबाला में तीन दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि उनकी मांगे जब तक पूरी नहीं होगी इसी तरह से हड़ताल जारी रहेगी।

बहरहाल, रोडवेज कर्मचारियों द्वारा चक्का जाम करने से आज गुरुग्राम से अन्य प्रदेशों और एनसीआर क्षेत्र में आने जाने वाले यात्रियों को भैया दूज के पर्व पर परेशानी उठानी पड़ी है। हालांकि गुरुग्राम से डीटीसी व दूसरे राज्यों की बसें चल रही हैं। रोडवेज प्रधान संदीप दलाल का कहना है कि अब सरकार बातचीत के लिए आगे आई है। अगर बैठक में सकारात्मक परिणाम निकला तो यह धरना प्रदर्शन रोक दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button