हरियाणा

खेलो महाकुंभ 3.0: बहल के ओम ने वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, बनाया नया रिकॉर्ड

बहल। गांव ओबरा निवासी ओम सुशील शर्मा ने गुजरात सरकार द्वारा आयोजित वार्षिक राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता ‘खेलो महाकुंभ 3.0’ में वेटलिफ्टिंग के अंडर-17 वर्ग (67 किलो भार वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ओम ने प्रतियोगिता में लगातार छह मुकाबले जीतकर अपनी आयु वर्ग में रिकॉर्ड बनाया।

16 से 17 फरवरी को आयोजित इस प्रतियोगिता में ओम ने स्नेच इवेंट में 64 किलो और क्लीन एंड जर्क में 76 किलो (कुल 140 किलो) भार उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। लगातार छह मुकाबलों में जीत दर्ज करना प्रतियोगिता में एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।

पिछले साल तीसरे नंबर पर रहा था ओम

इस प्रतियोगिता में गुजरात प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अनेक खिलाड़ियों ने भाग लिया। ओम ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देते हुए लगातार छह इवेंट जीतने का गौरव हासिल किया। इससे पहले ओम ने पिछले वर्ष भी महाकुंभ प्रतियोगिता में भाग लिया था, लेकिन वह तीसरे स्थान पर रहा था। इसके बाद से ही वह इस प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गया था। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उसने यह सफलता हासिल की। ओम का सपना एशियन यूथ गेम्स और कॉमनवेल्थ खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करना है। उसकी सफलता पर पिता सुशील शर्मा और माता सोनी शर्मा ने इसे परिवार और जिले के लिए गर्व का विषय बताया। ओम अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है। उसके पिता करीब 30 वर्ष पहले कारोबार के सिलसिले में गुजरात शिफ्ट हो गए थे।

क्रिकेटर बनने का सपना था, बीमारी के चलते छोड़ना पड़ा खेल

वडोदरा के मंजालपुर स्थित प्रिंस अशोक राज गायकवाड़ स्कूल में पढ़ाई के दौरान ओम का सपना क्रिकेटर बनने का था। वर्ष 2018 में पेट संबंधी दिक्कत के चलते उसे बड़े ऑपरेशन से गुजरना पड़ा। स्वस्थ होने के बाद फिटनेस के लिए उसने जिम ज्वाइन की, जहां उसकी मुलाकात कोच सन्नी सोमाभाई बावेचा से हुई। इसके बाद उसने वाघोडिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वडोदरा में वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की और कड़ी मेहनत के दम पर आज इस मुकाम तक पहुंचा है।

Related Articles

Back to top button