ओमप्रकाश चौटाला ने दुनिया को कहा अलविदा, PM मोदी- CM सैनी और हुड्डा समेत कई नेताओं ने जताया शोक
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया। ओमप्रकाश चौटाला ने 89 साल में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। ओमप्रकाश चौटाला को सांस लेने में दिक्कत थी, तीन-चार साल से मेदांता में ही इलाज चल रहा था। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 11:35 बजे मेदांता की इमरजेंसी में लाया गया था।
मेदांता प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की है। डॉक्टरों ने उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। इनके निधन की खबर सुनकर सूबे में शोक की लहर दौड़ पड़ी है, वहीं हरियाणा राजनीति में एक बड़े दिग्गज को खो दिया है। ओमप्रकाश चौटाला को कल सुबह 8 से 2 बजे तक तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी।
दूसरी ओर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर मनोहर लाल समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उन्होंने हरियाणा और देश की सेवा में उचित योगदान दिया। दुःख की इस घड़ी में हम उनके परिवार व समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और दिवगंत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवारजनों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने लिखा कि इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त करते लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री, इनेलो प्रमुख श्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रदेश के विकास में उनके अहम योगदान को सदैव याद किया जाएगा। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने ओपी चौटाला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में हमारे साथी रहे चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनसे हमारे पारिवारिक संबंध रहे और अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने प्रदेश के विकास में काफी योगदान दिया। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। भगवान् से प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करें।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री, चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिवारजनों को दुःख सहने की शक्ति दें। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि 🙏 ॐ शांति ओम्।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ये बहुत ही दुखद खबर है। ओम प्रकाश चौटाला की बहुत ही अच्छी भूमिका रही है। उनकी यादाश्त बहुत अच्छी थी, जिसको एक बार मिल लेते थे उसका नाम कभी नहीं भूलते थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री ओम प्रकाश चौटाला का निधन पूरे प्रदेश के लिए पीड़ादायी है। आज देश ने अपने सबसे शानदार वक्ताओं में शामिल एक नेता को खो दिया है। गांव-गांव में लोगों की पहचान और उम्र के आख़िरी पड़ाव तक जीवन जीने के जज़्बे के लिए चौटाला साहब सदैव याद किए जाएँगे। शत शत नमन 🙏🏻
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने ने एक्स पर पोस्ट करके ओपी चौटाला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन की दुःखद खबर से देश के राजनीतिक जगत में अपूर्णीय क्षति हुई हैं। चौटाला साहब ज़मीन से जुड़े हुए एक संघर्ष के प्रतीक नेता थे, जिनका देश-प्रदेश में योगदान सदा याद रखा जाएगा। आपकी अनथक मेहनत व कभी हार न मानने वाले जस्बे के उदाहरण हरियाणा की राजनीति में सदा जीवित रहेंगे, प्रेरणास्रोत्र रहेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में जब मैं कुछ वोटों से हारा, तब आपका एक सहानुभूतिपूर्ण बयान आया जिसको मैं सदा रखूँगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
भाजपा विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने ओम प्रकाश चौटाला ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा कि इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवन भर प्रदेश और समाज की सेवा की। उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यों की गहराई देश और हरियाणा की राजनीति में हमेशा याद की जाएगी। शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के निधन का दुःखद समाचार मिला। यह सिर्फ हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों व समर्थकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति दें।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भी ओपी चौटाला के निधन पर दुख जाहिर करते हुए उनके निधन को देश की राजनीति के लिए एक अपूर्णीय क्षति बताया। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने भी चौटाला के निधन को प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की बात कही।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि चौटाला का 90 वर्ष लंबा जीवन संघर्ष की मिसाल रहा है। उनकी राजनीतिक सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश ने बड़े नेता को खोया है। कल्याण ने कहा कि चौटाला अपने राजनीतिक जीवन में 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। प्रदेश के विकास में उनका अहम योगदान रहा है। वे हमेशा कहते थे कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। कल्याण ने कहा कि वे दुख की घड़ी में चौटाला परिवार के साथ हैं।