हरियाणा

चांग में युवक के घर पर बदमाशों का धावा, जमकर मचाया तांडव, गाड़ी में भी की तोड़फोड़

चांग। गांव चांग के पाना गोलागढ़ी में रविवार रात करीब आठ बजे अज्ञात बदमाशों ने युवक के घर पर हमला कर दहशत फैला दी। लाठी-डंडों से लैस बदमाश दिनेश नामक युवक के साथ मारपीट करने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे लेकिन दिनेश के घर पर मौजूद न होने के कारण उन्होंने उसके परिजनों को धमकाया और घर के बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ कर मौके से भाग गए।

घटना के दौरान घर में मौजूद परिजनों ने दरवाजा बंद कर किसी तरह खुद को बदमाशों से सुरक्षित किया। परिजनों ने हमलावरों का वीडियो भी बना लिया जिसमें अज्ञात बदमाश घर के बाहर गाली-गलौच करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गाड़ी में तोड़फोड़ की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है।

घटना की सूचना परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button