28 जनवरी से 12 फरवरी तक भीम स्टेडियम में होगी सैनिक भर्ती रैली: डीसी सीसीटीवी के कैमरों की निगरानी में होगी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया के दौरान केवल अधिकृत व्यक्ति का ही होगा प्रवेश
भिवानी,(ब्यूरो): डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सेना भर्ती को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गुप्ता ने बताया कि स्थानीय भीम स्टेडियम में 28 जनवरी से 12 फरवरी तक सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी द्वारा अग्निवीर के विभिन्न पदों की भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्वक ढ़ंग से सम्पन्न करवाने के लिए भीम स्टेडियम के आस-पास पुलिस का सख्त पहरा होगा। किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। डीसी गुप्ता ने भर्ती प्रक्रिया के दौरान बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को भीम स्टेडियम तक आने- जाने के लिए बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन तक बस सुविधा प्रदान की जाएगी। युवाओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। स्टेडियम में निर्बाध रूप से बिजली और पेयजल की आपूर्ति रहेगी। डीसी ने सफाई व्यवस्था के लिए नगर परिषद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
वहीं दूसरी ओर सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी, निदेशक कर्नल के.संदीप ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में मुख्य रूप से जिला भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी से युवा भाग लेंगे। भर्ती प्रक्रिया में करीब 8800 युवा भाग लेंगे। इनमें करीब दो हजार युवा प्रदेशभर के अन्य विभिन्न जिलों के भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि भर्ती में अग्निवीर जेडी, क्लर्क/स्टोर कीपर, टेक्निकल और ट्रेड्समैन के पद शामिल हैं। प्रतिदिन करीब 650 युवा भर्ती में शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया के लिए करीब चार बजे भीम स्टेडियम में युवाओं की एंट्री होगी। उन्होंने बताया कि भर्ती में शामिल युवाओं का मेजरमेंट, डॉक्यूमेंट चैक, मेडिकल फिटनेस टेस्ट तथा दौड़ होगी। उन्होंने बताया कि दौड़ चिकित्सकों की मौजूदगी में होगी। उन्होंने बताया कि भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं का ड्रग टेस्ट भी होगा। इस दौरान कर्नल गंधर्व ठाकुर, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, नगराधीश अनिल कुमार, डीएसपी महेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, टीएम भरतपाल परमार, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर और सतबीर यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




