उत्तर प्रदेश

Middle East Crisis: ईरान-इराक और सऊदी में फंसे नोएडा के कई लोग, जंग के बीच 2 दिन से नहीं हुई अपनों से बात

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के हालात और खाड़ी देशों (इराक, सऊदी अरब आदि) में जारी तनाव का असर अब गौतम बुद्ध नगर में साफ दिखाई दे रहा है. नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई परिवारों के सदस्य इन देशों में पढ़ाई, नौकरी, धार्मिक यात्रा या पर्यटन के लिए गए हुए हैं. युद्ध के ताजा हालात के बीच कई लोगों का अपने परिजनों से संपर्क टूट गया है, जिससे यहां बेचैनी और डर का माहौल है. इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण शनिवार रात करीब 11 बजे के बाद से कई परिवारों की अपने बच्चों और रिश्तेदारों से बात नहीं हो पाई है.

ग्रेटर नोएडा के चोला (छोल्स) गांव की रहने वाली फातिमा अपने बेटे मुर्तजा से मिलने ईरान के कुम शहर गई थीं. मुर्तजा वहां मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) की पढ़ाई कर रहा है. परिजनों के अनुसार, फातिमा को कुछ दिनों में वापस लौटना था, लेकिन युद्ध छिड़ने के कारण वह वहीं फंस गई हैं. शनिवार रात के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो सका है. हालांकि, जिस इलाके में वे रह रहे हैं, वहां सीधे हमले की सूचना नहीं है, लेकिन आसमान में धुएं का गुबार और धमाकों की आवाजें साफ सुनाई दे रही हैं.

‘जिधर देखो, उधर धुएं का गुबार’

चोला निवासी साकिब रजा ने बताया कि उनके दो भाई, असद रजा और असकरी रजा, पिछले 6 वर्षों से ईरान के कुम शहर में रह रहे हैं. शनिवार रात 11 बजे के बाद से उनसे कोई बात नहीं हो पाई है. पहले मिली जानकारी के अनुसार, वहां जिस दिशा में नजर जाती है, मिसाइल गिरने के बाद धुएं का गुबार दिखाई देता है. सायरन की आवाजें लगातार गूंज रही हैं. स्थानीय प्रशासन लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों और बेसमेंट में शिफ्ट कर रहा है. दुकानों पर राशन और जरूरी सामान लेने वालों की लंबी कतारें लगी हैं.

इराक और सऊदी अरब में भी दहशत

नोएडा के कुछ परिवारों के सदस्य इराक के कर्बला और नजफ शहरों में भी रह रहे हैं. मुजाहिद हुसैन पिछले 2 वर्षों से कर्बला में हैं, जबकि शाहिद जमा नजफ के पास रहते हैं. परिजनों ने बताया कि वहां भी दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर घरों के बेसमेंट में शरण ले रहे हैं.

वहीं, ग्रेटर नोएडा और नोएडा के कई लोग सऊदी अरब के रियाद में नौकरी कर रहे हैं. परिजनों के मुताबिक, ईरान पर हुए हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है. सूरजपुर के रहने वाले जान मोहम्मद ने बताया कि उनका बेटा सऊदी अरब में धार्मिक शिक्षा (मौलवियत) की पढ़ाई कर रहा है. जब तक सीधे बात नहीं हो जाती, परिवार को सुकून नहीं मिल रहा है.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बढ़ी चिंता

अचानक बिगड़े हालातों ने गौतम बुद्ध नगर के सैकड़ों परिवारों की नींद उड़ा दी है. घरों में लोग लगातार टीवी पर खबरें देख रहे हैं और मोबाइल फोन हाथ से नहीं छोड़ रहे हैं. सबकी बस एक ही दुआ है कि हालात जल्द सामान्य हों और विदेश में फंसे उनके अपने सुरक्षित घर वापस लौट सकें. फिलहाल, इन परिवारों के लिए हर पल इंतजार और गहरी चिंता से भरा हुआ है.

Related Articles

Back to top button