‘मेला साथी’ ऐप लॉन्च, अब पार्किंग से लेकर स्टॉल तक की जानकारी मिलेगी एक क्लिक पर

चंडीगढ़ : सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला घूमने आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से ‘मेला साथी’ ऐप का शुभारंभ किया गया है। इस ऐप के जरिए पर्यटकों को मेले से जुड़ी हर जानकारी मोबाइल पर उपलब्ध होगी। इससे देश-विदेश से मेले में पहली बार आने वाले पर्यटकों को काफी लाभ मिलेगा।
ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाऊनलोड किया जा सकता है। मेला साथी ऐप के जरिए पर्यटकों को स्टॉलों की लोकेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समय, कलाकारों और शिल्पकारों का परिचय, खान-पान जोन, पार्किंग व्यवस्था, आपात सेवाएं और अन्य सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
39वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला इस बार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों के साथ-साथ भव्य और रचनात्मक सैल्फी प्वाइंट्स के कारण खासा चर्चा में है। देश-विदेश से आए पर्यटक यहां न केवल पारंपरिक हस्तशिल्प, लोक कलाओं और व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं, बल्कि खूबसूरती से डिजाइन किए गए सैल्फी प्वाइंट्स पर तस्वीरें खिंचवाकर यादगार पलों को कैमरे में कैट कर रहे हैं।




