खट्टर, दुष्यंत सहित अनेक नेताओं ने पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर जताया शोक

चरखी दादरी,(ब्यूरो): केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान प्रदेश के बड़े कर्तव्य निष्ठ व सुलझे हुए नेता थे। उनके जाने से ना केवल क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश में शोक है। उनकी सोच हमेश विकास कार्य पूरे करवाने की रही थी और इसलिए ही वे भाजपा के साथ जुडक़र विकास को आगे बढ़ाने के लिए जुड़े। अब उनके बेटे विधायक सुनील सांगवान अपने क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विधायक सुनील सांगवान के दादरी निवास पर पहुंचकर पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मनोहर लाल ने विधायक सुनील सांगवान व सतपाल सांगवान के भाई सत्यप्रकाश के अलावा परिजनों से मुलाकात करते शोक संतृप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया। मनोहर लाल ने पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को एक अनुभवी राजनेता बताया है और कहा कि सांगवान के वर्चस्व देखते हुए उनके बेटे सुनील सांगवान को भाजपा ने टिकट दिया तो वे विधायक बने। अब सुनील सांगवान उनके बचे कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी सतपाल सांगवान को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सतपाल सांगवान के साफ छवि और विकासपरक सोच रखने वाले नेता थे। उनके निधन से न केवल दादरी हलके बल्कि पूरे प्रदेश को क्षति पहुंची है। उनकी सोच हमेशा दादरी के विकास व हरियाणा प्रदेश को आगे बढ़ाने की रही है। उनके जाने से राजनीतिक व सामाजिक तौर पर बड़ी क्षति पहुंची है। वहीं इनेलो नेत्री सुनैना चौटाला, पूर्व सांसद रमेश कौशिक, पूर्व विधायक राव दान सिंह, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, पूर्व विधायक नृपेंद्र मांढी, पूर्व विधायक नरेश बादली, राजीव जैन, एचपीएससी मेंबर विजय वत्स, कांग्रेस नेता अनिरूद्ध चौधरी, पूर्व एचपीएससी मेंबर जगदीश राय, रिटायर्ड आईजी राजपाल सिंह व जेल अधीक्षक राजेंद्र घनघस सहित अनेक नेताओं व गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।