लोहारू। गांव गिगनाऊ की बणी में मंगलवार सायं करीब पांच बजे अचानक लगी आग को डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार एकड़ क्षेत्र में फैलने के बावजूद काबू कर लिया जिससे बड़ा नुकसान टल गया। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी जिसके बाद टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। डायल 112 में तैनात सहायक उप निरीक्षक जयबीर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ सिपाही अमित, स्पेशल पुलिस ऑफिसर राजकुमार और थाना लोहारू के सिक्योरिटी इंचार्ज जितेंद्र मौजूद रहे। पुलिस टीम ने फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया।
बणी के पास एक सौर ऊर्जा प्लांट और पोल्ट्री फार्म भी स्थित है। समय रहते आग बुझा लेने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। सहायक उप निरीक्षक जयबीर ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि फसल कटाई के दौरान विशेष सावधानी बरतें, खेतों में पानी की समुचित व्यवस्था रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। स्थानीय लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।