हरियाणा

लोहारू हादसा: सूरजगढ़ रोड पर बस और पिकअप की जोरदार टक्कर, टेंट कर्मी गंभीर रूप से घायल, जांच शुरू

लोहारू। शहर के सूरजगढ़ रोड पर शनिवार को निजी बस और पिकअप की साइड से हुई टक्कर में पिकअप चालक महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार एक निजी बस लोहारू से राजस्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूरजगढ़ रोड पर एक पिकअप चालक, जो टेंट का कार्य करता है किसी कार्यक्रम में टेंट लगाने के बाद अपनी गाड़ी को सड़क किनारे साइड में लगा रहा था। तभी पीछे से आ रही बस ने पिकअप को साइड से टक्कर मार दी। इससे पिकअप चालक महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहारू के उप नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ जिससे मौके पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। बस चालक और अन्य संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button