फरीदाबाद में कांग्रेस का हाथ मजबूत करेंगे करण दलाल, भावुक लेटर में महेंद्र प्रताप के समर्थन का किया ऐलान
हरियाणा में टिकट बंटवारे से नाराज बताए जा रहे कांग्रेस नेता एकता संदेश दिया है। सूबे में अंदरूनी गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहत की खबर है। कांग्रेस नेता करण सिंह दलाल ने कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह के...
फरीदाबादः हरियाणा में टिकट बंटवारे से नाराज बताए जा रहे कांग्रेस नेता एकता संदेश दिया है। सूबे में अंदरूनी गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहत की खबर है। कांग्रेस नेता करण सिंह दलाल ने कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन का ऐलान किया है। दलाल ने अपने समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए पत्र जारी कर लोगों से महेंद्र प्रताप के समर्थन की अपील की है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि मैं जनभावना का आदर करते हुए व अपने निजी राजनीतिक फायदे और नुकसान को ना देखकर, चुनाव ना लड़ने का फैसला लेता हूं और फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से हमारे प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह को तहदिल से अपना पूर्ण समर्थन देता हूं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम तन-मन से महेंद्र प्रताप की मदद करेंगे एवं उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का काम करेंगे। पिछले दिनों आप सभी से मिले प्यार, स्नेह और आशीर्वाद को पाकर मैं गर्वित महसूस कर रहा हूं। मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हर शख्श का मैं तहदिल से आभारी हूं।