यमुनानगर में कलयुगी बेटा: प्रॉपर्टी के लिए जिंदा पिता का कर दिया क्रिया-कर्म, हरिद्वार जाकर किया पिंडदान!

यमुनानगर : यमुनानगर में एक बेटे ने अपने ही जिंदा पिता का किरया कर्म कर दिया। उसका हरिद्वार में जाकर पिंडदान कर दिया। एस.पी. को दी शिकायत में भगवानपुर निवासी मामचंद ने बताया कि उसकी पत्नी का 2 वर्ष पहले देहांत हो गया था। उनके 2 बेटे महेश, भारत भूषण व एक बेटी है। बेटी व बेटों की शादी हो चुकी है। दोनों बेटों को अलग-अलग 3 कमरों का मकान बनाकर दिया हुआ है।
मामचंद ने कहा कि बेटे महेश का चाल-चलन ठीक नहीं था। वह लगातार परेशान करने लगा। वह झगड़ा करता था जिसके चलते उसे बेदखल कर दिया था। उससे परेशान होकर वह उत्तराखंड के विकासनगर में चला गया जहां पर राजमिस्त्री के पास कार्य करने लगा। बीच-बीच में छोटे बेटे के पास आ जाता था। अब पता लगा कि महेश ने मेरी मौत होने की सूचना फैला दी। गांव में किरया कर्म किया। लोगों को भी बुलाया। आरोप है कि यह सब प्रॉपर्टी हड़पने की नीयत से किया गया है जिससे वह मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर सके। इसमें उसके साथ कई अन्य लोग शामिल हैं।
वहीं महेश का कहना है कि पिता उसकी इज्जत खराब कर रहे हैं। यह पारिवारिक मामला है। पिता शराब के आदी हैं। प्रॉपर्टी का कोई मुद्दा नहीं है। केवल समाज में बदनामी हो रही थी। मां के साथ भी पिता झगड़ा करते थे। उनके महिलाओं के साथ संबंध हैं जिसके चलते झगड़ा होता है।




