75 दिन बाद इंग्लैंड से लौटा जींद युवक का शव, दिल की धड़कन रुकने से हुई मौत; कर्ज लेकर गया था विदेश

जींद : जींद स्थित सफीदों क्षेत्र के गांव खरकगागर निवासी युवक का शव ढाई माह बाद गांव पहुंचा। युवक की इंग्लेंड के शहर बर्घिंगम में हृदय गति रूकने से मौत हो गई थी। युवक के शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। परिवार का इकलौता बेटा था।
ढाई साल पहले इंग्लेंड गया था कमल
जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय कमल करीब ढाई साल पहले पैसे कमाने के लिए डंकी के रास्ते इंग्लेंड गया था। उसने इंग्लैंड जाने के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों से रुपये उधार लिए थे। उसको इंग्लैंड जाने में 30 लाख रुपये खर्च आए थे। वह वहां अवैध रूप से रह रहा था। 16 सितंबर को उसकी हृदय गति रूकने से मौत हो गई। इस पर उसका शव भारत लाने के प्रयास शुरू हुए। इंग्लैंड के बर्घिंगम शहर में करीब 12 साल से नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन वीना देशवाल और सज्जन देशवाल रह रहे हैं। उन्होंने युवक का शव भारत लाने में मदद की और शव लाने पर करीब तीन लाख रुपये खर्च हो गए।




