21 पौधे रोपित कर जेई पंकज ने मनाई पिता की 10वीं पुण्यतिथि
भिवानी, (ब्यूरो): पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए भिवानी के सिंचाई विभाग में बतौर जेई तैनात पंकज ने अपने पिता दलीप सिंह आर्य की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दिनोद गेट स्थित मूलचंद झील के नजदीक 21 पौधों का रोपण किया। इस दौरान जेई पंकज ने रोपित किए गए इन पौधों के संरक्षण व देखभाल की जिम्मेवारी भी ली। जेई पंकज ने कहा कि उनके पिता स्व. दलीप सिंह आर्य उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में सहायक निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे तथा उनके अपनी नौकरी के कार्यकाल तथा सेवानिवृत्ति के उपरांत पर्यावरण संरक्षण सहित समाजसेवा के क्षेत्र में अनेक सराहनीय कार्य किए थे। उनका मानना था कि समाज में सभी व्यक्ति एक-दूसरे के पूरक होते है तथा प्रत्येक जन को जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। इसके अलावा वे पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर देते थे। इसीलिए उनकी पुण्यतिथि पर पौधे रोपित किए गए। जिस प्रकार से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, उससे सुधारने के लिए सभी को मिलकर तेजी से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे तथा उसके लिए जरूरी है कि हम अपने परिजनों की स्मृति या किसी भी अन्य अवसर पर अधिक से अधिक पौधों का रोपण करे। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व चेयरमैन राजकुमार तंवर, संजय शास्त्री, मा. जयप्रकाश शर्मा, अशोक फौजी, रामप्रसाद सिंघल, चित्रा सिंह, राजेश मास्टर, सुरेश डिब्बेवाला, थानेदार जय सिंह, बबलू चौहान, ओमप्रकाश हलवासिया सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी भी मौजूद रहे।




