हरियाणा

बीआरसीएम ज्ञानकुंज मे मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 

 

भिवानी, (ब्यूरो): बीआरसीएम ज्ञानकुंज स्कूल बहल में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस यूनिट के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। एनएसएस कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। वॉलंटियर रिया ने अपनी सशक्त कविता से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें महिलाओं के ऐतिहासिक और वर्तमान योगदान को रेखांकित किया गया। निकिता गाढ़ा और मुस्कान  ने अपनी  कविताओं के माध्यम से महिलाओं के बलिदानों और भारत की प्रमुख महिलाओं की वीरता का चित्रण किया। वहीं, प्रियांशी ने अपने विचारों से महिला दिवस के महत्व को उजागर करते हुए देश की महान महिलाओं के योगदान को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें एनएसएस वॉलंटियर्स ने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए 50 प्रकार के फूलदार और छायादार पौधों का वितरण और रोपण भी किया गया। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या सरस्वती दीक्षित ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें प्रतिदिन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रेरित करता है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकलकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। कार्यक्रम के विशेष आकर्षण में एनएसएस वॉलंटियर प्रियंका द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट का प्रदर्शन रहा, जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए। एनएसएस कोऑर्डिनेटर जोगेंद्र सिंह ने महिलाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वॉलंटियर्स को प्रेरित किया कि वे समाज सेवा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार झाझरिया ने भी अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 की थीम पर विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी और एनएसएस वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Back to top button