हरियाणा

बुजुर्गो की पेंशन काटे जाने के विरोध में इनेलो 20 को करेगी प्रदर्शन: संदीप घणघस

भिवानी,(ब्यूरो): हरियाणा में बुजुर्गों की पेंशन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इनेलो युवा जिला अध्यक्ष संदीप घणघस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि सरकार बुजुर्गों के मान-सम्मान के प्रतीक बुढ़ापा पेंशन पर डाका डाल रही है, जिसे इंडियन नेशनल लोकदल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। संदीप घणघस ने अपने बयान में याद दिलाया कि बुढ़ापा पेंशन महज एक वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि जननायक स्व. चौधरी देवीलाल द्वारा बुजुर्गों के सम्मान में शुरू की गई एक ऐतिहासिक सौगात है। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने बुजुर्गों को समाज में सिर उठाकर जीने का अधिकार दिया था। आज भाजपा सरकार विभिन्न तकनीकी खामियों और नियमों का बहाना बनाकर उस पेंशन को काटने का काम कर रही है। यह ना केवल बुजुर्गों का अपमान है, बल्कि उनकी लाठी छीनने जैसा है। युवा जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने पेंशन काटना बंद नहीं किया और काटी गई पेंशनों को बहाल नहीं किया तो इनेलो 20 फरवरी को पंचकूला में रोष प्रदर्शन करेगी। इनेलो का आरोप है कि सरकार परिवार पहचान पत्र और आय की शर्तों के नाम पर हजारों पात्र बुजुर्गों की पेंशन बंद कर रही है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बुढ़ापा पेंशन बुजुर्गो का अधिकार है, खैरात नहीं। संदीप घणघस ने कहा कि इनेलो का युवा विंग प्रदेश के हर गांव और गली में जाकर बुजुर्गों को एकजुट करेगा और सरकार की जनविरोधी नीतियों की पोल खोलेगा। साथ ही उन्होंने बुजुर्गो से आह्वान भी किया कि वे उनके हकों की लड़ाई में इनेलो के इस संघर्ष को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में 20 फरवरी को पंचकूला में पहुंचे।

Related Articles

Back to top button