सिंगरौली में तंत्र-मंत्र के लिए नरबलि? घर में चबूतरा बनाकर दो लोगों की बेरहमी से हत्या

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अंधविश्वास में दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जियावन थाना क्षेत्र के लोहरा बैरिहवा टोला में एक युवक ने कथित तौर पर जादू-टोना के शक में पड़ोस की 50 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी. महिला को बचाने पहुंचे 65 वर्षीय पड़ोसी की भी कुल्हाड़ी से हमला कर जान ले ली. हालांकि, पुलिस इस घटना को नरबलि जैसी कुप्रथा से जोड़कर देख रही है. इस वारदात के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है.
आरोपी युवक की पत्नी का कुछ महीने पहले गर्भपात हुआ था. इस घटना के बाद से उसे यह भ्रम हो गया था कि उसके साथ किसी ने टोना-टोटका किया है. इसी शक के चलते उसने पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक नरबलि की तैयारी कर रहा था. वारदात से पहले आरोपी ने अपने घर के आंगन में एक चबूतरा तैयार किया था. घटनास्थल से नारियल, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री बरामद की गई है, जिससे पुलिस को भी नरबलि जैसी कुप्रथा की आशंका है.
रात में वारदात को अंजाम देने की तैयारी
आरोपी दिन में बाजार से पूजा सामग्री खरीदकर लाया था और रात में वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था. देर रात उसने महिला को जबरन अपने घर खींच लिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसी दौरान 65 वर्षीय पड़ोसी बुजुर्ग महिला को बचाने आगे आए, लेकिन आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हंगामे के बीच बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य ग्रामीणों पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. तीन से चार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर उसे हिरासत में लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान भी आरोपी बेहद उग्र था और पुलिस पर हमला करने की कोशिश कर रहा था. मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है.
पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी
पुलिस के मुताबिक, अधविश्वास में की गई हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है. प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है.




