केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं ने रखा उपवास, टोहाना में कई वर्करों को पुलिस ने हिरासत में लिया
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में हरियाणा सहित कई राज्यों में आप कार्यकर्ता उपवास रख विरोध जता रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को टोहाना की कैंची चौक और गोहाना में भी आप कार्यकर्ताओं ने...
टोहाना/ गोहाना दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद कजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में हरियाणा सहित कई राज्यों में आप कार्यकर्ता उपवास रख विरोध जता रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को टोहाना की कैंची चौक और गोहाना में भी आप कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल पर ईडी की कार्रवाई के खिलाफ एक दिन का उपवास रखा। इस दौरान पुलिस ने टोहाना की कैंची चौक पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे और उसके विरोध स्वरूप उपवास पर बैठे आम आदमी पार्टी के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि आज टोहाना में बीजेपी के द्वारा सिरसा लोकसभा से उम्मीदवार अशोक कुमार के पक्ष में जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री का काफिला कैंची चौक से होकर ही गुजारना था। वहीं पर ही आम आदमी पार्टी के नेताओं के द्वारा उपवास शुरू किया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उपवास से उठाकर हिरासत में ले लिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह शांति प्रिया तरीके से अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और उन्हें उपवास नहीं करने दिया।
वहीं गोहाना में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने परशुराम चौक पर एक दिन का उपवास रखा। आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीजेपी पार्टी लोकतंत्र की हत्या कर रही है। हरियाणा के लाल के साथ ये अत्याचार हरियाणा की जनता नहीं सहेगी। बीजेपी एक तफर चुनाव में 400 पर का नारा दे रही है, लेकिन देश की जनता 400 सीटें हारने का काम करेगी। इस दौरान आप पार्टी के कार्यकर्ताओ ने अरविन्द केजरीवाल की रिहाई की मांग की।