बहादुरगढ़ में गर्लफ्रेंड और उसका पति करते थे ब्लैकमेल, तंग आकर व्यक्ति ने किया सुसाइड

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के लिए परिजनों ने एक महिला और उसके पति को जिम्मेदार ठहराया है। फांसी लगाने से कुछ समय पहले ही दोनों आरोपी मृतक के घर झगड़ा करके गए थे। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान करीब 26 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। गौरव मूलतः उत्तर प्रदेश से था और पिछले करीब 15 साल से बहादुरगढ़ के बसंत विहार में रह रहा था। गौरव कचौड़ी बेचने का व्यवसाय करता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार की रात को वह अपने घर पर था। इसी दौरान उसकी महिला मित्र अपने पति के साथ आई और विवाद करने लगी। विवाद को देखते हुए गौरव ने अपनी पत्नी और बच्चों को बाहर भेज दिया। कुछ देर बाद जब परिजन वापस आए तो गौरव फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत उसको संभाला लेकिन उसकी सांस थम चुकी थी। सूचना पाकर सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
3 बच्चों का पिता था गौरव
वीरवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। गौरव 3 बच्चों का पिता था। परिजनों का कहना है कि गौरव को आरोपी महिला व उसके पति द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड की जा रही थी। बुधवार की रात को भी मारपीट की गई और फोन तोड़ दिया। इसी प्रताड़ना से तंग आकर गौरव ने यह कदम उठा लिया। पत्नी अंशु की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।