बहादुरगढ़ में अवैध खनन: सरकारी जमीन से चुराई 150 ट्रॉली मिट्टी, कर्मचारियों ने रंगे हाथ पकड़े ट्रैक्टर और JCB

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में झज्जर रोड स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस परिसर से बड़े पैमाने पर सरकारी जमीन की मिट्टी चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेकेदार ने मलबा उठाने की आड़ में करीब 150 ट्रॉली मिट्टी चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार पावर हाउस परिसर से करीब 5 से 6 फुट गहराई तक मिट्टी उठाई गई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर ठेकेदार की जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को पकड़ा। इसके बाद उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
वार्ड 26 के पार्षद बलराम दलाल उर्फ मिंटू पहलवान ने बताया कि यह मिट्टी चोरी रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर की जा रही थी। इसी दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन को पकड़ लिया और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। उन्होंने स्वयं भी बिजली विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की। हालांकि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका गहराने लगी है।
दर्जन भर से ज्यादा पेड़ों को पहुंचा नुकसान
स्थानीय निवासी अमरजीत ने बताया कि मिट्टी चोरी के कारण पावर हाउस परिसर में लगे दर्जन भर से ज्यादा पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। कई साल पुराने छायादार पेड़ों की जड़ें बाहर दिखाई देने लगी हैं, जिससे उनके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा पावर हाउस की चारदीवारी की डीपीसी से नीचे की मिट्टी हटाए जाने के कारण दीवार गिरने का भी खतरा पैदा हो गया है। बिजली विभाग ने परिसर में स्थित पुरानी इमारत को तोड़ने के लिए ठेकेदार को टेंडर दिया था, लेकिन ठेकेदार ने मलबा हटाने की आड़ में पूरे पावर हाउस परिसर से मिट्टी उठवा ली।
स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि उच्च अधिकारियों को मामले पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।




