हलवासिया के एन.सी.सी. कैडेट्स ने निकाली नशा मुक्ति रैली

भिवानी, (ब्यूरो): हलवासिया विद्या विहार के वरिष्ठ विभाग में ए.एन.ओ. सव्य सचिन भारद्वाज के नेतृत्व में एन.सी.सी कैडेट्स के द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य समाज में व्याप्त नशे की लत को समाप्त करने तथा युवाओं को स्वच्छ, स्वस्थ और नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत, विद्यालय प्राचार्य विमलेश आर्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली में एन.सी.सी कैडेट्स “न करो जीवन का अंत, नशा छोड़ो तुरंत” ”नशा छोड़ो ,जीवन संवारो, नशा एक बीमारी है, इसका इलाज जरूरी है जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया तथा नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। यह रैली रोहतक गेट से शुरू होकर सब्जी मंडी और विकास नगर से होती हुई विद्यालय के प्रवेश द्वार तक पहुंँची। विद्यालय पहुँचने पर विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत व प्राचार्य विमलेश आर्य ने एन.सी.सी. कैडेट्स के इस पुनीत कार्य की सराहना की और उन्हें भविष्य में इस तरह की जागरूकता फैलाने वाली गतिविधियों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित भी किया। रैली के दौरान कैडेट्स पारिश साहू ,प्रिया अंशुल, तनु व मोहप्रीत ने सक्रिय योगदान दिया।