Games

ICC vs PCB: पाकिस्तान की मनमानी पर भड़की आईसीसी, क्या अब भुगतने होंगे ‘गंभीर परिणाम’? इन 5 एक्शन की तैयारी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक 6 दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नया बवाल खड़ा कर दिया है. करीब एक हफ्ते तक वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर अपने फैसले को अटकाने वाली PCB ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा कर दी. बोर्ड ने पाकिस्तान सरकार के आदेश का हवाला देते हुए ऐलान किया कि वो वर्ल्ड कप में तो हिस्सा लेगी लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. इस फैसले ने टूर्नामेंट की योजनाओं को बिगाड़ दिया है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) इससे नाखुश है. ICC ने गंभीर परिणामों की चेतावनी देते हुए PCB से फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा.

PCB ने रविवार 1 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का ऐलान करते हुए भारत के खिलाफ मैच के बायकॉट की भी घोषणा की. PCB के इस कदम को लेकर अटकलें पिछले कुछ दिनों से ही चल रही थीं. हालांकि, उस वक्त तक ICC ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी लेकिन आधिकारिक ऐलान के बाद इंटरनेशनल काउंसिल ने एक विस्तृत बयान जारी कर PCB से फैसले पर विचार करने को कहा और साथ ही कहा कि इसके गंभीर नतीजे होंगे, जिसका असर पूरे खेल के साथ ही पाकिस्तानी बोर्ड और उसके फैंस पर भी पड़ेगा.

ICC की पाकिस्तानी बोर्ड को चेतावनी

रविवार देर रात ICC की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चुनिंदा भागीदारी वाला फैसला खेल की अखंडता को नुकसान पहुंचाते हैं. हालांकि ICC ने राष्ट्रीय नीतियों को लेकर सरकारों की भूमिका की बात मानी लेकिन इस फैसले को काउंसिल ने खेल के लिए खराब बताया. साथ ही ICC ने PCB को गंभीर परिणामों की भी चेतावनी दी. बयान के मुताबिक, “ICC को उम्मीद है कि अपने ही देश के क्रिकेट पर इसके अहम और दीर्घकालिक गंभीर परिणामों पर PCB विचार करेगी, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम प्रभावित होने की आशंका है, जिसकी वो खुद (PCB) एक सदस्य और लाभार्थी है.”

फैसला बदलकर समाधान निकालने की अपील

ICC ने PCB से अपील करते हुए कहा कि वो अपने फैसले पर दोबारा विचार करे और एक आपसी सहमति वाला समाधान खोजेगी, जो सभी के को स्वीकार्य होगा. ICC ने साथ ही कहा कि उसका लक्ष्य टूर्नामेंट का सफल आयोजन है लेकिन साथ ही ये भी कहा कि टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे सभी सदस्यों की भी इसमें अहम जिम्मेदारी है, जिसका PCB भी एक हिस्सा है.

PCB पर क्या एक्शन ले सकती है ICC?

अब सवाल ये है कि ICC इस मामले में PCB पर क्या एक्शन ले सकती है? न्यूज एजेंसी PTI ने ICC बोर्ड के एक सूत्र के हवाले से बताया कि पाकिस्तान का ये फैसला ICC-BCCI और PCB के बीच न्यूट्रल वेन्यू को लेकर हुए एक अनुबंध का उल्लंघन है, जो सभी पक्षों पर अनिवार्य रूप से लागू होता है. ऐसे में PCB पर कड़ा एक्शन हो सकता है.सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक PCB पर 5 अलग-अलग तरह की या पांचों में से कोई भी कार्रवाई हो सकती है-

  1. पाकिस्तान को पूरे टूर्नामेंट से ही पूरी तरह बाहर किया जा सकता है.
  2. ICC की ओर से पाकिस्तान को मिलने वाला सालाना रेवेन्यू रोका जा सकता है, जो लगभग 350 करोड़ है.
  3. भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से ब्रॉडकास्टर जियो-हॉटस्टार को होने वाले नुकसान की भरपाई PCB को करने को कहा जा सकता है, जो करीब 200 करोड़ तक जा सकता है.
  4. PCB एक ‘बाइंडिंग कॉन्ट्रेक्ट’ का उल्लंघन कर रही है, इसलिए ICC के अन्य सदस्य देश पाकिस्तान के साथ बाइलेटरल सीरीज का बहिष्कार कर सकते हैं. या फिर उन सीरीज को ICC रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जबकि WTC में कोई पॉइंट्स भी नहीं मिलेंगे.
  5. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ियों (रिटायर्ड या फ्री एजेंट्स को छोड़कर) के हिस्सा लेने पर रोक लगाई जा सकती है.

Related Articles

Back to top button