पानीपत: ससुराल जाकर पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, टीवी की आवाज तेज कर वारदात को दिया अंजाम

इसराना : पानीपत के गांव लोहारी में व्यक्ति ने अपनी ससुराल जाकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक लोहारी गांव के रहने वाले रणधीर सिंह की बेटी पूजा (32) की शादी पानीपत के किवाना गांव निवासी कपिल के साथ हुई थी। शादी के बाद पूजा और कपिल को 4 बच्चे हुए। इनमें 3 बेटे और एक बेटी है।
परिजनों ने बताया कि 8 फरवरी को पूजा अपने बच्चों को ससुराल में छोड़कर लोहारी गांव में अपने मायके में आ गई थी। 9 फरवरी को उसका पति कपिल उसे लेने लोहारी पहुंचा। शाम को कपिल ने शराब पी और अपनी पत्नी, सास और ससुर के साथ झगड़ा किया। रात में वह वहीं सो गया। पूजा की मां ने बताया कि मंगलवार सुबह 8 बजे कपिल ने उनसे कहा कि वह अपने घर जा रहा है। पूजा घर पर ही थी। कुछ देर बाद पूजा की मां खेतों और पिता मजदूरी के लिए चले गए। उनके जाने के बाद कपिल बस अड्डे से वापस घर आ गया।
मां ने आरोप लगाया कि घर में पूजा को अकेली देखकर कपिल उससे फिर झगड़ने लगा। कपिल ने टी.वी. की आवाज तेज करके चुनरी से उसका गला घोंट दिया। दोपहर करीब 12 बजे जब मां घर लौटी तो पूजा का शव पड़ा मिला। हत्या की सूचना मिलने पर इसराना थाना प्रभारी सब-इंस्पैक्टर महिपाल टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। डी.एस.पी. आत्माराम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के बाद पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। घटना के बाद से कपिल फरार है। फिलहाल पुलिस ने मृतक पूजा के पिता रणधीर के बयान पर कपिल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।




