हरियाणा

हरियाणा में घरेलू कलह का खौफनाक अंत: दंपति ने निगला जहर, पति की मौत, पत्नी की हालत नाजुक

गांव चौटाला की जवाहर कॉलोनी स्थित एक खेत की ढाणी में पारिवारिक कलह ने भयावह रूप ले लिया। 35 वर्षीय सुभाष और उसकी पत्नी सुनीता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे की है। जहरीला पदार्थ निगलने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनीता की हालत नाजुक बनी हुई है और वह हनुमानगढ़ के एक अस्पताल में उपचाराधीन है।

दंपति के चार बेटे व एक बेटी है, जिनमें सबसे बड़ा बेटा मात्र 12 वर्ष का है। बताया जाता है कि जहर निगलने से पहले सुभाष ने अपने दो छोटे बच्चों की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने बच्चों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया।

सुभाष किसान चुन्नी राम के खेत में हिस्से पर खेती करता था और पिछले पांच वर्षों से परिवार सहित खेत की ढाणी में रह रहा था। यह भी चर्चा है कि वह कथित धार्मिक अंधविश्वास से प्रभावित था। हालांकि अभी तक इस जानलेवा घटना के मूल कारण का खुलासा नहीं हुआ है।

घटना के समय जैसे ही दोनों की हालत बिगड़ी, उनका 12 वर्षीय बेटा घबराकर करीब 4-5 एकड़ दूर स्थित किसान रोहताश के घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोहताश ने खेत मालिक और डायल 112 पर सूचना दी। खेत मालिक का बेटा मौके पर पहुंचा तो सुभाष की मौत हो चुकी थी, जबकि सुनीता की नब्ज चल रही थीं। उसे तुरंत संगरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button