प्रदेश सरकार महिलाओं के जीवन उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है: कृष्ण कुमार बेदी
-हरियाणा की संस्कृति सबसे समृद्ध है: कपूर सिंह वाल्मीकि

भिवानी, 28 जुलाई। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता का मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के जीवन उत्थान के प्रति प्रतिबद्ध है। महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार शुरू कर स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।
श्री बेदी सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला स्तरीय तीज महोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बवानी खेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, डीसी साहिल गुप्ता और सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने गांव मालवास देवसर, मालवास कोहाड़, बाबरवास, टीटानी, रूपगढ़, नवा, निनान और कलिंगा पाना राजू में नवनिर्मित महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन किया, जिन पर करीब 80 लाख रुपए की लागत आई है।
कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं को शगुन के तौर पर प्रदेश सरकार की तरफ से कोथली भी भेंट की। उन्होंने कहा कि तीज महिलाओं का एक पावन और पवित्र पर्व है। यह उमंग और उत्साह का महीना है। पर्व हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं। उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर महिलाएं मंगल गीत गाती हैं। उन्होंने कहा कि तीज के पर्व पर भाई अपनी बहन के घर कोथली लेकर जाता है जो कि भाई और बहन के पवित्र बंधन और प्यार का प्रतीक है। बहन अपने भाई के आने का इंतजार करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर वक्त साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की तरफ से जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बवानी खेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति सबसे समृद्ध है। भारत देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हरियाणा की संस्कृति की धूम है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के आयोजन से हमारी संस्कृति का एक दूसरे प्रदेशों में आदान प्रदान होता है। त्यौहार एक दूसरे से जोडऩे का काम करते हैं, जो समाज के लिए सबसे जरूरी है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिखा राणा ने जिला स्तरीय तीज महोत्सव में उपस्थित सभी मेहमानों और महिलाओं का अभिनंदन किया और जिला में स्वयं सहायता समूह द्वारा की जारी गतिविधियों के बारे में प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिला में 4500 स्वयं सहायता समूहों से 46 हजार 500 परिवारों की महिलाएं जुड़ी हुई हैं जो स्वरोजगार करने का काम करती हैं।
बॉक्स
जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया। प्रथम स्थान पर रही सूर्या स्वयं सहायता समूह बलियाली प्रथम खंड बवानी खेड़ा, दूसरे स्थान पर रही वासुदेव स्वयं सहायता समूह तिगड़ाना खंड भिवानी और तीसरे स्थान पर रहे खुशी स्वयं सहायता समूह बास कुड़ल खंड लोहारू रही। प्रथम स्थान पर रहे स्वयं सहायता समूह को एक लाख, द्वितीय स्थान को 50 हजार तथा तृतीय स्थान को 25 हजार नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा पब्लिक स्कूल बाल भवन की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
इस मौके पर भाजपा नेत्री मीना परमार और नगर पालिका बवानी खेड़ा के अध्यक्ष सुंदर अत्री सहित अनेक गणमान्य नागरिक और जिलेभर से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।