बीआरसीएम लॉ कॉलेज में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

बहल, (अजीत सिंगल): बीआरसीएम शिक्षण संस्थान बहल के लॉ कॉलेज में बी.ए.एल.एल.बी द्वितीय एवं षष्टम् सेमेस्टर के विद्यार्थियों की कक्षा- कक्ष में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। हिंदी विभागाध्यक्ष मनोज कुमार द्वारा कक्षा- कक्ष के विद्यार्थियों को चार सदनों ऋग्वेद, अथर्ववेद, यजुर्वेद तथा सामवेद में विभाजित किया गया। प्रत्येक सदन में बराबर- बराबर विद्यार्थियों की संख्या निर्धारित की गई। प्रतियोगिता में ऋग्वेद सदन के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। बी.ए.एल.एल.बी द्वितीय सेमेस्टर कक्षा में अंजलि प्रथम स्थान पर, पायल द्वितीय स्थान पर तथा संयोगिता तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार बी.ए.एल.एल.बी षष्टम् सेमेस्टर में ऋग्वेद सदन के मंजू ,निशा, गायत्री व पुष्पा विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार शुक्ला रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदी विभाग को धन्यवाद देते हुए विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से परिचित करवाया। हिंदी के सहायक प्राध्यापक मनोज कुमार ने अपने वक्तव्य में बताया कि हिंदी हमारी पहचान और संस्कृति की धरोहर है। सभी को इसे संरक्षित एवं सहेजने का प्रयास करना चाहिए। हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को परखने का माध्यम बनी, बल्कि हिंदी भाषा के प्रति उनकी रुचि, प्रेम और समर्पण को भी जागृत किया। इस अवसर पर पवन कुमार सहायक प्राध्यापक व अन्य शिक्षकगण एवं दोनों कक्षाओं के सभी विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।