HBSE Exam 2026: हरियाणा में 12वीं और D.El.Ed परीक्षा में नकल के 11 केस; लापरवाही बरतने पर केंद्र अधीक्षक सहित 4 स्टाफ ड्यूटी से मुक्त

भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई गई मंगलवार को 12वीं की शारीरिक शिक्षा विषय व डी.एल.एड. रि-अपीयर की परीक्षा में प्रदेशभर में नकल के 11 मामले दर्ज हुए। इसमें एक केस प्रतिरूपण का शामिल है। इसके अलावा एक केन्द्र अधीक्षक, एक उप-केन्द्र अधीक्षक व 2 पर्यवेक्षक परीक्षा डयूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किए गए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को हुई 12वीं की शारीरिक शिक्षा तथा डी.एल.एड. प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) की परीक्षा में 95,705 परीक्षार्थी शामिल हुए।
बोर्ड अध्यक्ष के उड़नद ने भिवानी के परीक्षा केन्द्र केएम उच्च विद्यालय-15 पर नियुक्त पर्यवेक्षक रविन्द्र सिंह डी.पी.ई. को हुई शारीरिक शिक्षा विषय का अध्यापक होने के कारण ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया। जींद के परीक्षा केन्द्र रावमावि हाट पर एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा। बोर्ड द्वारा प्रदेशभर में गठित किए गए अन्य उड़नदस्तों द्वारा प्रदेशभर में नकल के 10 मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष विशेष आर.ए.एफ. उड़नदस्ते ने भिवानी के परीक्षा केन्द्र रावमाविपालुवास पर परीक्षार्थी नरेन्द्र द्वारा लेखक की अनुमति नहीं ली गई थी जिस पर केन्द्र अधीक्षक अजीत सिंह को कार्यभार मुक्त कर दिया। इसके अलावा पर्यवेक्षक सुनील कुमार रामावि हनुमान गेट भिवानी को उड़नदस्ते के साथ अभद्र व्यवहार करने के कारण परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया। एस.डी.एम. प्रश्र-पत्र उडनदस्ता ने परीक्षा केन्द्र एसएलएस राकवमावि हांसी-1 पर नियुक्त उप-केन्द्र अधीक्षक बलजीत सिंह को ड्यूटी में लापरवाही के चलते कार्यभार मुक्त किया गया। वीरवार को 1357 परीक्षा केन्द्रों पर संचालित होने वाली 10वीं अंग्रेजी विषय एवं डी.एल.एड. रि-अपीयर की परीक्षा में 2,87,744 परीक्षार्थी शामिल होंगे।




