एक्सक्लूसिव खबरेंहरियाणा

करनाल में जन्मदिन से 1 दिन पहले युवक ने की आत्महत्या, 5 दिन बाद बहन की शादी…परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

करनाल : करनाल जिले में आज नगला मेगा-अमृतपुर रोड पर युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला है। पेड़ के नीचे ही युवक का मोबाइल और जूते मिले हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उसे पहले नीचे ही मारा गया, उसके बाद पेड़ पर लटका दिया गया। उनका कहना है कि उनका बेटा पेड़ पर चढ़ नहीं सकता था, क्योंकि उसके पैर में लोहे की रॉड पड़ी है।

मृतक की पहचान केहर सिंह के बेटे मनीष (23) के रूप में हुई है। वह मोहदीनपुर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि कल उसका जन्मदिन था और 27 को उसकी बहन की शादी भी है। पुलिस ने उसके शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने कहा- सुसाइड किया है

चौकी प्रभारी ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे उन्हें युवक का शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे तो युवक ने पेड़ पर फंदा लगाया हुआ था। युवक के जूते पेड़ के नीचे निकले हुए पाए गए हैं। जिस तरीके से जूते निकले हुए हैं, उससे स्पष्ट है कि युवक ने सुसाइड किया है।

मृतक के परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप 

मृतक मनीष के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि मनीष का करीब 5 साल पहले गांव में कुछ लड़कों के साथ झगड़ा हुआ था। उस मामले में कोर्ट केस चल रहा था। 21 नवंबर को मनीष की कोर्ट में तारीख थी। वह घर से कोर्ट के लिए निकल गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। रात को करीब 12 बजे तक उसकी तलाश करते रहे। उसका फोन भी बंद था। सुबह हमें उसका शव पेड़ पर लटका मिला। जहां उसका शव मिला है वहां आना-जाना बहुत कम होता है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button