हरियाणा

हरियाणा पुलिस हर अपराध से निपटने में सक्षम, अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं: ADGP

भिवानी। हरियाणा पुलिस किसी भी प्रकार के अपराध से निबटने के लिए पूर्णतया: सक्षम है। इसको लेकर प्रदेश पुलिस नई तकनीकों व बेहतरीन प्रशिक्षण के साथ आगे बढ़ रही है। यह बात हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हरदीप सिंह दून ने वीरवार को भिवानी पुलिस लाइन में अधिकारियों से बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कही। इससे पहले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक का पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने स्वागत किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को सलामी दी गई।

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने भिवानी जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक के दौरान किसी भी घटना पर तुरंत रिस्पॉन्स देने, पुलिस गश्त बढ़ाए जाने व पुलिसकर्मियों को आम जनता की बातों को बेहतरीन तरीके से समझने के साथ गुड पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों को आदेश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने की बात भी कही। एडीजीपी दून ने कहा कि हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर पुलिस को चुस्त व दुरुस्त रखने के लिए इस प्रकार की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। जिलों में जाकर कानून-व्यवस्था व पुलिस कंपनियों का निरीक्षण के साथ ही पुलिस फोर्स वेलफेयर से संबंधित बिंदुओं की जानकारी लेकर उन्हें दुरुस्त करने को लेकर हरियाणा पुलिस कदम बढ़ा रही है। जमीनी स्तर पर पुलिसिंग में सुधार करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भिवानी में कानून व्यवस्था व अन्य मामलों में लोकल पुलिस बेहतर कार्य कर रही है। इसके लिए उन्होंने भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल भिवानी जिले का दौरा करेंगे। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एडीजीपी ने कहा कि पुलिस नवाचार के क्षेत्र में विभिन्न कदम उठाए गए है। बैठक में सभी एसएचओ व डीएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाना सुनिश्चित करें, ताकि अपराध को डिटेक्ट करने में आसानी रहे। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में नशाखोरी के खिलाफ भी अभियान को तेज किए जाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में क्राइम के आंकड़ों में कमी आई है। हरियाणा पुलिस हर प्रकार से अपराधियों से निबटने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हुल्लड़बाजी व हथियारों व गाड़ियों का प्रदर्शन करने वालों की मॉनिटरिंग भी बढ़ाई जा रही है तथा आवश्यक कदम पुलिस द्वारा उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button