हरियाणा

गुरुग्राम: ऑनलाइन दोस्त ने त्रिपुरा की छात्रा को 3 दिन तक बनाया बंधक, बर्बरता के बाद ICU में ज़िंदगी की जंग

दिल्ली  : हरियाणा के गुरुग्राम से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ त्रिपुरा से सपने लेकर पढ़ाई करने आई छात्रा को उसके ही ऑनलाइन दोस्त ने तीन दिनों तक हैवानियत भरी यातनाएँ दीं। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा गुरुग्राम में बीएससी बायोटेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती दिल्ली के एक युवक से ऑनलाइन हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती चली गई। इस दोस्ती के पीछे युवक की नीयत कुछ और ही थी। आरोप है कि युवक ने छात्रा को अपने पास बुलाकर उसे बंधक बना लिया और तीन दिनों तक उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं।

पीड़िता ने माँ को फोन कर सुनाई आपबीती

पीड़िता ने माँ को फोन कर आपबीती सुनाई और कहा कि “माँ मुझे बचा लो… नहीं तो मैं मर जाऊँगी…”। बेटी की चीख सुनकर माँ ने तुरंत त्रिपुरा से हरियाणा पुलिस को गुरुग्राम स्थित पीजी का पता दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। पहले उसे गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से हालत नाज़ुक होने के चलते उसे दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में रेफर किया गया। फिलहाल छात्रा आईसीयू में ज़िंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

हरियाणा पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। पीड़िता की माँ ने देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी को सख्त से सख्त सज़ा देने की मांग की है। “मेरी बेटी पढ़ने के लिए त्रिपुरा से गुरुग्राम आई थी, उसने सपने देखे थे अपने भविष्य के लिए, लेकिन उसके साथ जो हुआ उसने हमारी ज़िंदगी तबाह कर दी है। मैं सरकार से हाथ जोड़कर विनती करती हूँ कि मेरी बेटी को न्याय मिले और आरोपी को कड़ी सज़ा दी जाए।

Related Articles

Back to top button