महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी सरकार: मंत्री श्रुति
कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव

भिवानी, (ब्यूरो): प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण व स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि उनके दादा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसी लाल ने करीब दो दशक पहले उनके पिता के देहांत के बाद सिर पर पगड़ी रखकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया था, वो आज कारगर सिद्ध हो रहा है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी रविवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय भीम खेल परिसर में आयोजित बसंत पंचमी महोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थी। इस दौरान विधायक घनश्याम सर्राफ, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार, निदेशक मोनिका मलिक, उपायुक्त महावीर कौशिक, नगराधीश विपिन कुमार, सह-निदेशक राजबाला कटारिया व पूनम रमन उपस्थित रही। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष स्नेह व लगाव है। इसका उदाहरण बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत पानीपत की ऐतिहासिक भूमि से किया था। उन्होंने कहा कि सरकार उनके दादा स्व. चौधरी बंसीलाल का सपना को साकार कर रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उनके दादा की दूरगामी सोच थी। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशक पहले उनके पिता का दुर्घटना में देहांत हुआ तो सामाजिक रूढ़िवादी प्रथा को तोड़ते हुए मुझे पगड़ी पहनाकर साहसिक निर्णय लिया था। आज मौजूदा समाज में चौ. बंसी लाल का फैसला सार्थक साबित हुआ। श्रुति चौधरी ने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को स्वावलंबी व सशक्त बनाने के लिए सबको सामूहिक प्रयास करने होंगे। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अपना संबोधन शुरू करते है तो भारत माता की जय का नारा लगाते हैं। जहां मॉ दुर्गा, सरस्वती, मॉ काली की पूजा होती है, वहां नारी शक्ति कमजोर नहीं हो सकती। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री व विधायक घनश्याम सर्राफ को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण के लिए राज्य सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर 324 क्रेच जनता को समर्पित किए गए है। उन्होंने कहा कि चौ. बंसीलाल ने भिवानी के भीम स्टेडियम के इसी मंच से उन्हे पगड़ी पहनाकर बेटियों को आगे बढ़ाने का कार्य किया था। जो पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल की महिला समानता को लेकर ऊंची सोच को दर्शाता है। मंत्री श्रुति चौधरी ने नारे व सन्देश लिखे पतंग उड़ाकर लैंगिक समानता का संदेश दिया। इस अवसर पर पीओआईसीडीएस वैशाली, डीडीपीओ आशीष मान, राम प्रताप शर्मा, ठाकुर अमर सिंह, एडवोकेट हरी सिंह सांगवान, दिलबाग नीमड़ी, कृष्ण लेघा, प्रदीप गोलागढ़, डॉ. जय सिंह, विजय खोरड़ा, रोहतास दहिया, विद्यानंद यादव, सुनील सिघानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी वर्कर व सुपरवाइजर, हेल्पर तथा अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।