सरकार कारगर नीति लागू कर खेलों को दे रही है बढ़ावा: सांसद धर्मबीर सिंह

भिवानी, (ब्यूरो): भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि जीवन का पहला सुख निरोगी काया है। स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। शिक्षा और खेल जीवन में बहुत जरूरी हैं। खेलों से हम स्वस्थ रह सकते हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कारगर नीति लागू कर रही है। परिणाम स्वरूप हरियाणा प्रदेश व भारत देश के खिलाड़ी ओलम्पिक जैसी विश्व स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नाम विश्व में रोशन कर रहे हैं। सांसद धर्मबीर सिंह भीम खेल परिसर में प्रदेश स्तरीय 58वीं तीन दिवसीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व ध्वजारोहण कर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक घनश्याम सर्राफ और डीसी साहिल गुप्ता भी मौजूद रहे। सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूली शिक्षा में प्राथमिक स्तर से ही खेलों के महत्त्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल में पहला पीरियड खेल का ही होता रहा है। खेलों को बढ़ावा व प्रोत्साहन देने के लिए सरकार बड़े-बड़े स्टेडियम बनाने के साथ-साथ गांव में योग एवं व्यायामशालाएं खोल रही है। इसके साथ-साथ सरकार द्वारा खेल एसोसिएशन व फेडरेशन बनाई गई हैं, जो समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं करवाती हैं। खेलों इंडिया जैसी प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि खेलों की बदौलत भिवानी को मिनी क्यूबा के नाम से जाना जाता है। समय-समय पर आयोजित होने वाली राष्टï्रीय व अंतर्राष्टï्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भिवानी के खिलाड़ी पदक हासिल करते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अंडर 14,17 व 19 आयु वर्ग की एथलेटिक्स बास्केटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रदेश के सभी 22 जिलों से करीब 3500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।