हरियाणा

एएसआई कांता नेहरा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चरखी दादरी, (ब्यूरो): पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा की धर्मपत्नी और स्वयं सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) कांता नेहरा ने रविवार को दादरी पुलिस लाइन में स्कूली बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के महत्व से अवगत कराया और उन्हें इसकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। एएसआई कांता नेहरा ने बच्चों के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उन्हें पौधों की देखभाल करने तथा उनके महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर एएसआई कांता नेहरा ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। वे हमें ऑक्सीजन देते हैं, पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं और अनेक जीव-जंतुओं का घर होते हैं। हमें अपनी आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है, और इसके लिए पौधारोपण सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण प्रहरी बनने और अपने दोस्तों व परिवार के सदस्यों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का संदेश दिया। बता दे कि एएसआई कांता नेहरा और हवलदार लोकराम नेहरा दोनों पत्नी-पत्नी लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं, और उनका यह संयुक्त प्रयास समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक रेनू, सहायक उप निरीक्षक अनूप, सहायक विवेक, सुरेंद्र दांगी, उप निरीक्षक ज्ञान, महिला थाना प्रबंधक उप निरीक्षक सोनिया, सिपाही रेखा एवं अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button