सद्भाव यात्रा यात्रा को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह ने ली बैठक
भिवानी, (ब्यूरो): पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की सद्भाव यात्रा का दूसरा चरण आरंभ हो चुका है। यात्रा के जरिए कांग्रेस, भाजपा सरकार पर लगे वोट चोरी, बढ़ते अपराध, जाति-पाती की राजनीति, बेरोजग़ारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोपों को जनता के सामने रखेगी। यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बिरेंद्र सिंह ने भिवानी का दौरा किया और बैठक ली। बैठक में भिवानी, तोशाम, कलानौर और महम विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। चौ. बिरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कीं और उन्हें यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सद्भावना यात्रा का यह चरण अब गति पकड़ चुका है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिन तक रहेगी, जिसके दौरान यह विभिन्न गांवों का सघन दौरा करेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण के तहत पहले दो दिन नांगल चौधरी, उसके बाद नारनौल और फिर महेंद्रगढ़ में दो-दो दिन घूमेगी। इसके बाद यात्रा लोहारू, बाढड़ा और दादरी के लिए रवाना होगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सद्भावना यात्रा हरियाणा की राजनीति में एक सकारात्मक बदलाव की नींव रखेगी। इस अवसर पर डा. शिव शंकर भारद्वाज, कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, अजीत चेयरमैन महम, दलबीर गांधी, आयोजक विरेंद्र किरोड़ी, अशोक सिवाच, कृपाल सरपंच, राज सिंह गागड़वास, पवन बुवानीवाला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




