World

F-16 फाइटर जेट कैलिफोर्निया में क्रैश, पायलट ने अपनी जान बचाई, वीडियो सामने आया

अमेरिका के कैलीफोर्निया में बुधवार को एफ -16 फाइटर जेट क्रैश हो गया है. अमेरिकी वायु सेना के एलीट थंडरबर्ड्स स्क्वाड्रन का F-16 लड़ाकू विमान अचानक कैलिफोर्निया के ट्रोना एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पायलट सुरक्षित हैं. वो सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब हो गए थे. हालांकि, विमान कैसे क्रैश हुआ इसकी अभी जांच जारी है.

यह घटना स्थानीय समयानुसार लगभग सुबह 10:45 बजे डेथ वैली के दक्षिण में स्थित एक दूरदराज के रेगिस्तानी क्षेत्र में हुई. फाइटर जेट के क्रैश होने के कई वीडियो भी सामने आए. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि विमान जमीन पर तेजी से गिर रहा था, तभी पायलट पैराशूट के सहारे सुरक्षित बाहर निकल गया. जेट के जमीन से टकराते ही विस्फोट हुआ और धुएं का एक बड़ा गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया. दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है.

पायलट को आई हल्की चोट

थंडरबर्ड्स ने एक बयान जारी कर क्रैश की पुष्टि की. बयान में कहा गया, “3 दिसंबर 2025 को, लगभग सुबह 10:45 बजे, कैलिफोर्निया में नियंत्रित हवाई क्षेत्र के ऊपर एक ट्रेनिंग मिशन के दौरान एक थंडरबर्ड पायलट ने F-16C फाइटिंग फाल्कन विमान से सुरक्षित रूप से इजेक्ट किया.” हालांकि, पायलट को हल्की चोटें आईं और इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया. सैन बर्नार्डिनो काउंटी फायर अधिकारियों ने बताया कि उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और यह पुष्टि की कि विमान में सिर्फ पायलट ही सवार था.

ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा

अधिकारियों ने बताया कि दिन की शुरुआत में 6 थंडरबर्ड्स जेट्स ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरकर गए थे, लेकिन वापस सिर्फ 5 ही लौटे. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान अज्ञात कारणों से नेवल एयर वेपन्स स्टेशन चाइना लेक के पास क्रैश हुआ.

दुर्घटना स्थल उस क्षेत्र में स्थित है जिसका इस्तेमाल सैन्य विमान अक्सर उड़ान ट्रेनिंग के लिए करते हैं. थंडरबर्ड्स आमतौर पर निर्धारित एयरशो प्रदर्शन से पहले अपने बेस के आसपास इसी तरह के ट्रेनिंग उड़ानें संचालित करते हैं.

मामले की जांच जारी

F-16 फाइटिंग फाल्कन, जो एक सिंगल-इंजन मल्टीरोल विमान है, थंडरबर्ड्स की ऐरोबैटिक प्रदर्शनों का मुख्य हिस्सा होता है. ये प्रदर्शन अमेरिकी वायु शक्ति को प्रदर्शित करने और एयर फोर्स की भर्ती प्रयासों को समर्थन देने के लिए किए जाते हैं.

एयर फोर्स की 57वीं विंग की पब्लिक अफेयर्स ऑफिस ने कहा कि घटना की जांच जारी है और दुर्घटना स्थल के आकलन और शुरुआती समीक्षा पूरी होने के बाद और जानकारी जारी की जाएंगी. दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

Related Articles

Back to top button