हरियाणा

रोहतक: सर्राफा कारोबारी से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी, थाने में मौजूद थे तब आई व्हाट्सएप कॉल

रोहतक : शहर के एक प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार कारोबारी को 3 फरवरी को व्हाट्सएप कॉल आई थी। जब वह किसी अन्य मामले में समझौते के लिए थाने में मौजूद थे, जिसके चलते कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके बाद उनके व्हाट्सएप नंबर पर दो वॉयस नोट भेजे गए। वॉयस नोट में एक व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए दो घंटे के भीतर संपर्क करने की चेतावनी दी और कहा कि अगर कॉल बैक नहीं किया गया तो गोली मार दी जाएगी।

पुलिस अधीक्षक को दी गई सूचना

कारोबारी ने इस मामले की जानकारी तुरंत पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कारोबारी को दो गनमैन उपलब्ध कराए हैं। साथ ही साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि धमकी देने वाले नंबर और वॉयस नोट की तकनीकी जांच की जा सके।

गौरतलब है कि रोहतक में इससे पहले भी करीब 12 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को गैंगस्टरों की ओर से इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें डॉक्टर, सर्राफा कारोबारी, उद्योगपति और शिक्षण संस्थानों के संचालक शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button