हरियाणा
नाबालिग छात्रा से रेप मामले में 3 गिरफ्तार, आरोपियों का होगा डीएनए टेस्ट; पीड़िता ने कीटनाशक पीकर की थी आत्महत्या

फतेहाबाद। नाबालिग छात्रा ने दुष्कर्म से आहत होकर कीटनाशक पीकर आत्महत्या मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पकड़े गए दो आरोपितों का डीएनए टेस्ट होगा।
छात्रा ढाई महीने की गर्भवती भी थी। डीएनए के बाद ही पता चलेगा कि असली आरोपित कौन है। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 18 जून को टोहाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय नाबालिग ने अलसुबह ही अपने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया था।
उल्टियां आने के बाद उसे एक निजी अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया था। नाबालिग गर्भवती थी, जिससे कीटनाशक का सेवन करने से उसके पेट में पल रहे ढाई महीने के भ्रूण की भी मौत हो गई थी। रविवार को छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
एसपी फतेहाबाद सिद्धांत जैन ने कहा कि इस मामले में महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहले डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अन्य आरोपितों के बारे में पता चल सके।