जिला स्तरीय विशाल निरंकारी बाल संत समागम आयोजित

भिवानी, (ब्यूरो): हांसी गेट स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में जोनल इंचार्ज बलदेव राज नागपाल के पावन सानिध्य में जिला स्तरीय बाल संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चरखी दादरी एवं भिवानी जिले के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से निरंकारी बाल संत एवं सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह कार्यक्रम विशेषतौर पर बच्चों द्वारा तैयार किया गया था और बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में छोटे-छोटे बाल संतों द्वारा हिंदी व अंग्रेजी भाषा में गीत, भजन, विचार एवं कविताओं के माध्यम से मिशन के संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रसारित किए। बाल संतों द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी रागनी से उपस्थित साध-संगत मंत्र-मुग्ध होकर झूम उठी। बाल संतों ने कविता के माध्यम से जीवन के दिव्य गुणों मिलवर्तन, भाईचारा, सहनशीलता, सत्कार भाव, विनम्रता का संदेश दिया। एक बाल संत ने संत निरंकारी मिशन की देन का जिक्र करते हुए कहा कि हम बाल संतों को सिर्फ गीत, भजन, विचार बोलने ही नहीं सिखाए जाते बल्कि जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत, सेवा, बड़ों का आदर, माता-पिता का सत्कार भी सिखाया जाता है। हम आध्यात्मिकता में बने रहें ,यह पावन शिक्षा भी दी जाती है और ब्रह्मज्ञान से जीवन में सहजता एवं सरलता जैसे गुण आते हैं। उपस्थित मानव समाज को सम्बोधित करते हुए नागपाल ने फरमाया कि भक्ति किसी उम्र की मोहताज नहीं है। सद्गुरु की कृपा से ब्रह्मज्ञान प्राप्त करके सत्संग, सेवा, सिमरण करते हुए कोई भी भक्ति की पराकाष्ठा को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं पूजनीय निरंकारी राजपिता जी का शुकराना करते हुए सभी मानव परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम समाप्ति पर लंगर प्रसाद वितरण किया गया।