हरियाणा

न्यायमूर्ति संदीप मुद्गिल का जिला बार एसोसिएशन ने किया स्वागत, सौंपा मांगपत्र

भिवानी,(ब्यूरो): पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं भिवानी के इंस्पेक्टिंग जज संदीप मुद्गिल ने जिला बार एसोसिएशन के सभागार का दौरा किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन भिवानी द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें न्यायिक व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और वकीलों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सभागार पहुंचने पर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप तंवर व सचिव विनोद भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारियों ने न्यायमूर्ति संदीप मुद्गिल का स्वागत किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया को भी स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान एसोसिएशन ने न्यायमूर्ति के समक्ष वकीलों और वादियों की सुविधा के लिए चार प्रमुख मांगें रखी, जिसमें दूसरी फैमिली कोर्ट को लाना, लेबर कोर्ट एस्टेबलिश करवाना, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार आदि की कोर्ट के केस को ऑनलाईन कराने के लिए व्यवस्था करवाना तथा ओल्ड कोर्ट कैंपस को न्यू कोर्ट कैंपस से जोडऩे के लिए कोरिडोर का निर्माण करवाना आदि रही। न्यायमूर्ति संदीप मुद्गिल ने उपायुक्त को तुरंत आदेश जारी कर दिए हैं कि इन अदालतों की कार्यवाही को जल्द से जल्द ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ा जाए। इसके अलावा कॉरिडोर निर्माण और अन्य मांगों पर भी सकारात्मक रूप से विचार किया जा रहा है और इन्हें जल्द पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया को सुलभ और पारदर्शी बनाना हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने कहा कि एसडीएम और तहसीलदारों की अदालतों के केस ऑनलाइन होने से जनता को सुविधा होगी। जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान संदीप तंवर ने कहा कि हमने न्यायमूर्ति के समक्ष लंबे समय से लंबित कॉरिडोर की मांग और तहसील स्तर की अदालतों के ऑनलाइन न होने का मुद्दा उठाया था। हमें खुशी है कि न्यायमूर्ति मुद्गिल ने डिजिटल केस मैनेजमेंट के लिए तुरंत निर्देश जारी किए हैं। इससे ना केवल वकीलों का काम आसान होगा, बल्कि आम जनता को भी अपने केसों की स्थिति जानने में सहूलियत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button