प्रिया ग्रेवाल बनी अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस हरियाणा एग्री प्रोफेशनल स्टेट हैड
पूरे प्रदेश में जिला स्तरीय कार्यकारिणी का किया जाएगा गठन: प्रिया ग्रेवाल
भिवानी, (ब्यूरो): अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय हैड मेंदु श्रीनिवासुलु ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रिया ग्रेवाल को अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस हरियाणा एग्री प्रोफेशनल स्टेट हैड पद की जिम्मेवारी सौंपी है। प्रिया ग्रेवाल ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खडग़े, नेताप्रतिपक्ष एवं संयोजक राहुल गांधी, अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती, राष्ट्रीय हैड मेंदु श्रीनिवासुलु, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेन्द्र सिंह हुड्डा व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करेंगी तथा हरियाण प्रदेश से अधिक से अधिक लोगों को संगठन के साथ जोडऩे का काम करेंगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिला स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। जिसमें प्रत्येक जिले से लोगों को जोडऩे का कार्य किया जाएगा। प्रिया ग्रेवाल ने बताया कि किसानों की जमीन की उर्वरकता और खाद बीज से संबंधित समस्याओं से संबंधित मुद्दों को उठाएंगी, आज सबसे बड़ा मुद्दा है भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही फार्मर प्रोडूसर ऑग्रेनाईजेशन में जो धांधली में चल रही उसके बारे में लोगों को अवगत करवा उसे रोकने का कार्य करेंगी और किसानों को बेहतर तरीके से लाभ दिलाने का कार्य करेंगी। किस तरह से सही मार्गदर्शन कर किसानों की मदद कर सकते हैं इस पर पूरे हरियाणा प्रदेश में काम करेंगी। उन्होंने बताया कि इंश्योरेंस पॉलिसीज से कैसे हम किसानों की मदद कर सकते हैं और किस तरह से हम सरकार से किसानों की आर्थिक मदद करा सकते हैं इसके बारे में प्रदेश के किसान को जागरूक करना उनका उदेश्य रहेगा। प्रिया ग्रेवाल ने बताया कि अखिल भारतीय व्यावसायिक कांग्रेस (एआईपीसी) भारत का पहला राजनीतिक मंच है जो देश में कार्यरत पेशेवरों और उद्यमियों की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं पर केंद्रित है। एआईपीसी का विचार इस आकलन से उपजा है कि आज के भारत में किसान व पेशेवर राजनीति से कटे हुए हैं, जो भारतीय स्वतंत्रता के बाद के पहले कुछ दशकों की स्थिति से बिल्कुल अलग है। एआईपीसी के अस्तित्व का मूल उद्देश्य हमारे सदस्यों को राजनीतिक क्षेत्र से जोडऩे पर केंद्रित एक पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है। ये सदस्य एक समावेशी और प्रगतिशील सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक एजेंडे को बढ़ावा देने में मदद करेंगे। एआईपीसी, भारत के सबसे पुराने और सबसे बड़े राजनीतिक आंदोलन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक प्रमुख विभाग है। एआईपीसी का कार्य भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए नीतिगत विचारों के साथ-साथ प्रतिभाओं को भी उपलब्ध कराने तथा किसानों को जागरूक कर उन्हें आगे बढ़ाने में मदद करेगा।




