“हरियाणा में लौट रहा कांग्रेस का राज…” नारनौंद की जनसभा में कुमारी सैलजा ने बीजेपी पर साधा निशाना
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि जिस तरह से देश-प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। इसे देखकर कहा जा सकता है कि हरियाणा में कांग्रेस का राज...
नारनौंद: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि जिस तरह से देश-प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। इसे देखकर कहा जा सकता है कि हरियाणा में कांग्रेस का राज आ रहा है। आपलोगों ने जिस तरह से लोकसभा चुनाव में मेहनत की थी, उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी लगन और मेहनत के साथ जनता के बीच जाकर कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कांग्रेस की दिग्गज नेत्री सैलजा कुमारी रविवार को नारनौंद में ‘कांग्रेस संदेश यात्रा’ के दौरान आयोजित एक जनसभा में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं। डॉ. अजय चौधरी द्वारा आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। कुमारी सैलजा ने कहा कि नारनौंद में यह एक ऐतिहासिक रैली है। मैंने बहुत रैलियां देखी हैं, पहले भी यहां रैलियां हुई, मगर आज की रैली सबसे बड़ी है। लोग ट्रैक्टरों पर बैठकर आए हैं। बुलाई हुई रैली में ऐसा नहीं होता। यहां तो जनसैलाब इस बात का प्रतीक है कि आपलोग इतिहास बदलने वाले हैं। कांग्रेस की जनसभा में आपकी यह हाजिरी, आपका यह जनसैलाब जहां एक ओर आपका कांग्रेस के प्रति प्यार दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर डॉ. अजय चौधरी की मेहनत, सेवा और इनके पिताजी स्व. बीरेंद्र सिंह के प्रति स्नेह दिखा रहा है। नारनौंद से मेरा पुराना रिश्ता है। इसे और मजबूत करना है। आन वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। अपना समय भी होना चाहिए। अपना समय तब आएगा, जब नारनौंद के लोग डॉ. अजय चौधरी को विधानसभा में भेजेंगे। 2005 में थोड़ी से चूक कर दी थी, मगर इस बार मत करना। इस बार इन्हें जीताकर भेजना है।
“किसान पसीना नहीं, खून बहा रहे”
और ये भी पढ़े
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि आज के दिन हरियाणा में जो हालात हैं, वे बद से बदतर हो गए हैं। किसान खून के आंसू रो रहा है। किसान का काम है खेत में अन्न पैदा करके देश का पेट भरना। मगर किसान पसीना नहीं, खून बहा रहे हैं। मोदी जी ने कहा था कि किसानों की आमदनी डबल करेंगे, मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। किसान बार-बार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अब चुनाव नजदीक देखकर भाजपा घडियाली आंसू बहाने में लगी है। अब सभी फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया जा रहा है। सरकार को अब किसान, मजदूर और गरीब याद आ रहे हैं, लेकिन 10 सालों में कुछ नहीं किया। भाजपा की सरकार जुमलेबाज सरकार है। हमने जिंदगी में जुमला शब्द नहीं सुना था। पहली बार भाजपा शासन में ही यह शब्द सुना है। भाजपा का मतलब भारतीय झूठी पार्टी है। 10 साल बाद अब फिर से धोखा मत खाना। अब हमें सरकार और व्यवस्था बदलनी है।
“भाजपा सरकार में हर तरफ भ्रष्टाचार”
कुमारी सैलजा ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। पीपीपी के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इस चक्रव्यूह से जनता को आप लोग ही निकाल सकते हैं। लोकतंत्र में ताकत आपके हाथ में है। बाबा साहेब अंबेडकर ने गरीब की बात की थी। लोगों को उनके अधिकार दिलाए थे, मगर अब भाजपा पिछले दरवाजे से बाबा साहेब के संविधान को कमजोर कर रही है। किसानों, मजदूरों, गरीबों को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था, मगर सत्ता में आने के बाद वो उसे भूल गई। मैं वादा करती हूं कि कांग्रेस की सरकार आने पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट जरूर लागू होगी। किसानों को एमएसपी की गारंटी दी जाएगी। अब कांग्रेस का राज आने वाला है। भाजपा जात-पात के नाम पर बांटने का काम करती है। आपको उनके षडयंत्र में नहीं फंसना है। सरकार स्कूल बंद कर रही है. ताकि गरीबों के बच्चे पढ़ाई न कर सके। सरकारी विभागों में दो लाख पद खाली पड़े हैं। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। कांग्रेस पार्टी युवाओं का भविष्य उज्जवल बनाने का काम करेगी। नशे से बचाकर उनकी पढ़ाई पर जोर दिया जाएगा।
“कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का समाधान होगा”
इससे पूर्व रैली के आयोजक डॉ. अजय चौधरी ने कुमारी सैलजा और जनता का आभार व्यक्त किया। डॉ. अजय चौधरी ने कहा कि 2005 में भी नारनौंद में रैली की थी, जिसका आज रिकॉर्ड टूट गया है। आपका मुझे प्यार मिला है। मेरे पिताजी को भी आपने आशीर्वाद देकर जिताया था। मैं आप सबका ऋणी रहूंगा। जैसी मेहनत आपने लोकसभा चुनाव में दिखाई थी, वैसी ही मेहनत और लगन आपको विधानसभा चुनाव में दिखानी है। जैसी सेवा मेरे पिताजी ने इस हलके के लोगों की की थी, मौका मिला तो मैं भी वैसी ही सेवा करूंगा। मेरे पिताजी ने सिंचाई और पीने के पानी की व्यवस्था करवाई थी। रोजगार दिलाए थे, मगर आज हालात खराब है। किसान, मजदूर, व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं। कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का समाधान होगा।
इस मौके पर दूसरे दलों के लोगों ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की
इस मौके पर चेयरमैन सुबेर सिंह, एमसी संदीप शर्मा और विनोद वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में दूसरे दलों के लोगों ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। कुमारी सैलजा ने सभी का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष चौधरी रामकिशन गुर्जर, विधायक रेणुबाला, प्रदीप चौधरी, पूर्व मंत्री संपत सिंह, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया, राजरानी, राजपाल भूकड़ी और संदीप लौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता मौजूद थे।