हरियाणा

नेशनल टैलेंट हंट से कांग्रेस दे रही है युवाओं को आगे बढऩे का मंच: चांदवीर हुड्डा

भिवानी, (ब्यूरो): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देशभर के युवाओं को संगठनात्मक प्रक्रियाओं से जोडऩे, उनकी राजनीतिक समझ को सुदृढ़ करने और उन्हें नेतृत्व के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर टैलेंट हंट कार्यक्रम की घोषणा की है। इस संदर्भ में नेशनल टैलेंट हंट प्रोग्राम के संयोजक चांदवीर हुड्डा ने शनिवार को भिवानी में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी, दिनेश कौशिक, ईश्वर शर्मा, एससी अध्यक्ष राजेश, बलबीर सरोहा, बलवंत घनघस, ईश्वर मान, तोला राम शर्मा, सुमित बराड़, डा. फूल सिंह, प्रवीण बुरा, वीरेंद्र बापड़ा, शिवकुमार धानक, मुकेश प्रजापत, रामकिशन चौहान, सुरेंद्र तंवर, विजय नरवाल, मुकेश आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। चांदवीर हुड्डा ने कहा कि यह टैलेंट हंट केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक ऐसा सशक्त मंच है, जहां देश के हर कोने से आए युवा अपने विचार, योग्यता और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक गरिमा और कांग्रेस की मूल विचारधारा से जुडऩे का स्वर्णिम अवसर प्रदान करता है। हुड्डा ने कहा की कांग्रेस वह राजनीतिक शक्ति है जिसने भारत के संविधान की रचना में अग्रणी भूमिका निभाई, लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया और समावेशी भारत का सपना देखा। आज जब देश कई नई चुनौतियों से गुजर रहा है, तब युवा पीढ़ी को आगे आकर गांधी, नेहरू, पटेल, अम्बेडकर और इंदिरा गांधी की विरासत को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। चयनित युवाओं को युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक कौशल, राजनीतिक समझ और मीडिया प्रबंधन से सम्बंधित विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। हुड्डा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस का यह कदम पार्टी में नई ऊर्जा, नए विचार और नए नेतृत्व का संचार करेगा तथा भारतीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल साबित होगा।

Related Articles

Back to top button