आज हुआ मसीह का जन्म, शोर भरी दुनिया में फैला खुशखबरी का संदेश

करनाल। क्रिसमस डे का खुमार जिलेभर में छा गया है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जिलेभर के गिरजाघरों में कार्यक्रम हुए। प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशियां मनाई गई। मुख्य आयोजन रेलवे रोड स्थित द चर्च ऑफ असेंसन में हुआ। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का मन मोह लिया।
सबसे पहले अन्नु ने ‘शोर दुनिया में यह हो गया, शोर दुनिया में यह हो गया, आज पैदा मसीह हो गया…’ गीत प्रस्तुत किया। वैलसी ने ‘वो एक बाल है फिर भी अजीब हस्ती बना हुआ है…’ भजन गाया। साराह ने ‘तेरा हो अभिषेक, अमन के राजकुमार, आज हमारे दिल में जन्म ले हे प्रभु यीशु महान…’ भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभु यीशु के जन्म पर आधारित लघु नाटिका भी प्रस्तुत की।
फादर नरेंद्र कुमार ने कहा कि हमें कभी भी चोरी नही करनी चाहिए। सदा प्रभु यीशु पर विश्वास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु ने समझाया है कि हमें दूसरों का साथ देना चाहिए और किसी के बारे में बुरा नहीं सोचना और करना चाहिए।
आज लगाई जाएगी प्रदर्शनी
फादर नरेंद्र कुमार ने बताया कि क्रिसमस डे के अवसर पर वीरवार सुबह श्रद्धालु मोमबत्ती जलाकर यीशु की प्रार्थना करेंगे। ये सिलसिला पूरा दिन जारी रहेगा। इस दौरान चर्च में विभिन्न प्रकार की स्टाॅल भी लगाई जाएंगी। जिनमें यीशु से जुड़ी वस्तुएं और खाने-पीने की वस्तुएं मिलेंगी।




