हरियाणा

नशा स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि समाज व परिवार को प्रभावित करता है: तेवतिया

नशा मुक्ति जागरूकता रैली को रवाना किया

झज्जर(ब्यूरो): शनिवार की सुबह जिला झज्जर के न्यायालय परिसर में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया द्वारा कोर्ट परिसर के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं सीजेएम विशाल भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम जिला न्यायालय की सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना तथा समाज के युवाओं को नशे की कुप्रथा से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस रैली में एम डी डी ऑफ इंडिया संस्था झज्जर व ग्रीन फील्ड स्कूल, झज्जर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे की रोकथाम से संबंधित जागरूकता संदेशों वाले बैनर एवं पोस्टर हाथों में लेकर पैदल मार्च किया। रैली का मार्ग कोर्ट परिसर से प्रारंभ होकर गुडग़ांव रोड, राव तुलाराम चौक, बादली रोड, और अनाज मंडी से होता हुआ लघु सचिवालय, झज्जर तक निर्धारित किया गया था। संपूर्ण यात्रा के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों द्वारा “नशा छोड़ो – जीवन संवारो”, “स्वस्थ युवा – सशक्त राष्ट्र”, “नशामुक्त हरियाणा, नशामुक्त झज्जर” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से नागरिकों को नशे की रोकथाम का संदेश दिया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने कार्यक्रम के शुभारंभ पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा संस्थानों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को संयुक्त प्रयास करने होंगे। निरीक्षक बलदेव एवं उनकी टीम ने मार्ग सुरक्षा, जनसम्पर्क और आयोजन से संबंधित सभी तैयारियों का समुचित प्रबंधन किया। इस मौके पर शहर एस एच ओ सरिता , इंचार्ज बलदेव, ट्रैफिक से विकाश , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर से पैरा लीगल वालियांटिर करमजीत छिल्लर, अभिषेक ,सोमबीर,अंकित, एम डी डी ऑफ इंडिया संस्था से मनोज कुमार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button