“जींद में खूनी संघर्ष: दो पक्षों के विवाद में बीच-बचाव करने आए 80 साल के बुजुर्ग की हत्या, पत्नी की हालत गंभीर

जींद: हरियाणा के जींद में गांव हथो में बीती रात झगड़े के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई. जबकि उनकी बुजुर्ग पत्नी घायल हो गई. सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के पोते की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है.
खून संघर्ष में बुरी तरह घायल हुए बुजुर्ग दंपत्ति: गांव हथो निवासी बुजुर्ग भल्लेराम (80) की पुत्रवधु के साथ पड़ोसी कुलदीप के परिवार की कहासुनी हो गई. उस दौरान मामला शांत हो गया. शाम को कुलदीप परिवार भल्लेराम के मकान में घुस गया और मारपीट करने लगा. बुजुर्ग भल्लेराम तथा उसकी पत्नी बीचबचाव करने लगे. कुलदीप परिवार ने बुजुर्ग दंपत्ति को धक्का दे दिया. जिसमें भल्लेराम का सिर चारपाई से जा लगा. उसकी पत्नी भरपाई का सिर जमीन से लगा. जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
बुजुर्ग की मौत: दोनों को परिजनों द्वारा उपचार के लिए नरवाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर उपचार के दौरान भल्लेराम की मौत हो गई. जबकि उसकी पत्नी की गंभीर हालत देखते हुए जिला मुख्यालय नागरिक अस्पताल रेफर किया गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नरवाना पुलिस ने हालातों का जायजा लिया. सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के पोते सागर की शिकायत पर कुलदीप, डिंपल, रलदू, रामदिया, सुखबीर के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी.
5 के खिलाफ केस दर्ज: सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि “झगड़े में बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली थी. घटना के दौरान उसकी बुजुर्ग पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई. फिलहाल 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी”.




