हरियाणा

भिवानी-चरखी दादरी को बड़ी सौगात: 17 गांवों में बढ़ाई जाएगी बिजली ट्रांसफार्मरों की क्षमता, लो-वोल्टेज से मिलेगी राहत

भिवानी। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। भिवानी और चरखी दादरी जिलों के 17 गांवों में 33 केवी पावर सब स्टेशनों पर बिजली ट्रांसफार्मरों की क्षमता पहले से डेढ़ गुना बढ़ाई जाएगी। इसके तहत इन सब स्टेशनों पर 10 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे पहले से ओवरलोड झेल रहे सब स्टेशनों को राहत मिलेगी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बेहतर हो सकेगी।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की कंस्ट्रक्शन विंग ने इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए हैं और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की कंस्ट्रक्शन विंग की ओर से चरखी दादरी जिले के गांव सिसवाला, चांदवास, मकड़ाना तथा भिवानी जिले के गांव सेरला, चांग रोड, चांग, भैरा, आलमपुर, नांधा और रुदडोल में स्थित 33 केवी पावर सब स्टेशनों पर पहले से मौजूद ट्रांसफार्मरों के अलावा एक-एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इन सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता 10 एमवीए होगी।

संबंधित 33 केवी पावर सब स्टेशनों से आसपास के करीब पांच से छह बड़े गांव जुड़े हुए हैं। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से इन गांवों की आबादी को बिना बाधा के बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, अत्यधिक लोड के दौरान लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी और लाइनों पर फाल्ट की घटनाएं भी कम होंगी।

किसी सब स्टेशन पर 95 तो किसी पर 45 फीसदी काम हुआ पूरा, तीन माह में होंगे चालू
कंस्ट्रक्शन विंग की ओर से भिवानी और चरखी दादरी जिलों में 10 से अधिक 33 केवी पावर सब स्टेशनों के निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है। इनमें किसी सब स्टेशन पर 95 प्रतिशत तो किसी पर 45 प्रतिशत तक इलेक्ट्रिक और सिविल वर्क पूरा हो चुका है। कार्य पूर्ण होने के बाद करीब तीन माह में इन सभी सब स्टेशनों को चालू कर दिया जाएगा। इससे आगामी गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बिजली कटों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन 33 केवी सब स्टेशनों का काम हो चुका पूरा
भिवानी और चरखी दादरी जिलों में छह 33 केवी पावर सब स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इन्हें जल्द चालू करने की तैयारी की जा रही है। कंस्ट्रक्शन विंग ने चरखी दादरी जिले के द्वारका, अटेलाकलां, बाढ़डा, कांकडोली सरदारा और मानकावास के अलावा भिवानी जिले के गांव बामला, नंगला, ढाणीमाहू, पिंजोखरा और गोपालवास स्थित 33 केवी पावर सब स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इन नए सब स्टेशनों के चालू होने से आसपास के गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलना शुरू हो जाएगी।

कंस्ट्रक्शन विंग की ओर से भिवानी सर्कल के अंतर्गत आने वाले भिवानी और चरखी दादरी जिलों के 17 गांवों के 33 केवी पावर सब स्टेशनों पर 10 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा करीब सात 33 केवी पावर सब स्टेशनों के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जिन्हें जल्द चालू कराया जाएगा। वहीं भिवानी और चरखी दादरी जिलों में नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है जो इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। – मनोज पानू, कार्यकारी अभियंता, कंस्ट्रक्शन विंग भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।

ये है भिवानी और चरखी दादरी के 33 केवी पावर सब स्टेशनों के निर्माण कार्य की स्थिति

सब स्टेशन का नाम- इलेक्टि्रक वर्क- सिविल वर्क की स्थिति

1. मानकावास- 47 फीसदी- 95 फीसदी

2. झोझूकलां- 68 फीसदी- 95 फीसदी

3. रानीला- 31 फीसदी- 95 फीसदी

4. गोठडा- 02 फीसदी- 95 फीसदी

5. दादरी सिटी- 45 फीसदी- 95 फीसदी

6. कैरू- 08 फीसदी- 60 फीसदी

7. धनाना- 08 फीसदी- शून्य फीसदी

8. लोहारू- 15 फीसदी- 50 फीसदी

9. भांखड़ा- शून्य फीसदी- 95 फीसदी

10. ईशरवाल द्वितीय- 05 फीसदी- 70 फीसदी

11. ईशरवाल- 40 फीसदी- 45 फीसदी

12. चहड़कलां- शून्य फीसदी- 70 फीसदी

13. तोशाम- 98 फीसदी- 95 फीसदी

Related Articles

Back to top button