World

ग्वादर में चीनी कैंप पर BLA का बड़ा हमला: महिला ब्रिगेड ने मचाया कोहराम, देखें दिल दहला देने वाले वीडियो

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने रविवार को दावा किया कि ऑपरेशन हेरोफ के दूसरे चरण के तहत हमले बलूचिस्तान के कई जिलों में 40 घंटे से अधिक समय तक जारी रहे. संगठन ने ग्वादर में हुई झड़पों से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें एक महिला फिदायीन फाइटर को दिखाया गया है.

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच के अनुसार, संगठन के लड़ाकों ने खरान, मस्तुंग, दलबंदीन, तुंप और पसनी में अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिए हैं और सुरक्षित ठिकानों पर लौट गए हैं. वहीं कुछ इलाकों में झड़पें अब भी जारी बताई जा रही हैं.

BLA ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना, पुलिस और फ्रंटियर कोर के 200 से ज्यादा जवान मारे गए हैं और 17 को पकड़ लिया गया है. संगठन के मुताबिक उसके 18 लड़ाके भी मारे गए, जिनमें 11 मजीद ब्रिगेड, चार फतेह स्क्वॉड और तीन STOS से जुड़े बताए गए हैं. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

महिला फाइटर का वीडियो जारी

BLA ने अपने संगठन की महिला फिदायीन की पहचान हवा बलूच उर्फ द्रोशुम के रूप में की है और कहा है कि यह उनका आखिरी संदेश है, जो शहादत से 12 घंटे पहले रिकॉर्ड किया गया था.

सूत्रों के अनुसार, हवा बलूच एक लेखिका थीं और उनके पिता भी पहले बलूच सशस्त्र आंदोलन से जुड़े थे, जिनकी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है. वीडियो में हवा बलूच बलूच महिलाओं से सशस्त्र संघर्ष में शामिल होने की अपील करती नजर आती हैं.

BLA ने एक अलग वीडियो भी जारी किया है, जिसमें फिदायीन नाको फजल बलूच दिखाई दे रहे हैं. संगठन का दावा है कि वे BLA के सबसे उम्रदराज फिदायीन हैं. यह वीडियो पसनी तहसील से जुड़ा बताया जा रहा है.

ग्वादर, नुश्की और अन्य इलाकों में झड़पें जारी

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार से शुरू हुए हमले रविवार रात तक ग्वादर, नुश्की और क्वेटा के कुछ हिस्सों में जारी रहे. ग्वादर पोर्ट इलाके में दिनभर गोलीबारी और धमाकों की खबरें आईं. कुछ रिपोर्टों में चीनी परियोजनाओं को निशाना बनाए जाने की भी बात कही गई है. नुश्की में भी फ्रंटियर कोर की चौकियों और सरकारी दफ्तरों के पास भारी झड़पें होने की जानकारी है.

अस्पतालों में इमरजेंसी, धारा 144 लागू

बलूचिस्तान सरकार ने हालात को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी है. क्वेटा ट्रॉमा सेंटर और सिविल अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर अलर्ट पर रखे गए हैं और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ तैनात किया गया है.

पंजाब के डेरा गाजी खान जिले से बलूचिस्तान जाने वाले कई रास्तों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है. फोर्ट मुनरो हाईवे और तौसामूसा खेल रोड पर आवाजाही रोकी गई है. वहीं क्वेटा से देश के अन्य हिस्सों के लिए ट्रेन सेवाएं लगातार दूसरे दिन भी रद्द रहीं.

स्थिति को देखते हुए बलूचिस्तान सरकार ने एक महीने के लिए धारा 144 लागू कर दी है. पांच या उससे ज्यादा लोगों के एकत्र होने, जुलूस, धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है. सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढंकने, हथियार दिखाने, पिलियन राइडिंग, काले शीशे और बिना रजिस्ट्रेशन वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. सरकार का कहना है कि ये कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं.

Related Articles

Back to top button